व्यापारी से टप्पेबाजी का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार:जालौन में 80 हजार नकद और दो मोटरसाइकिलें बरामद, जेल भेजे गए आरोपी


जालौन पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर एक व्यापारी से हुई टप्पेबाजी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 80 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जालौन के अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि व्यापारी दिलीप कुमार अग्रवाल ने 29 जुलाई को कोतवाली जालौन में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 28 जुलाई की रात उनके घर के बाहर खड़ी स्कूटी पर टंगे बैग से अज्ञात बदमाशों ने 82 हजार रुपये चुरा लिए थे। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों ने चोरी की वारदात को कबूल किया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 3 अगस्त को जालौन कोतवाली पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को कबूल किया। उन्होंने बताया कि 82 हजार रुपये में से 2 हजार रुपये खर्च कर दिए गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शेष 80 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाशिल, सजल फरीदी, सूफियान उर्फ लकी, फरहान और शानू के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी जालौन नगर के विभिन्न मोहल्लों के निवासी हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं को बढ़ाया और कानूनी कार्रवाई पूरी की। डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस डेटा और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद उनसे चोरी की नकदी और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन बरामद किए गए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *