![]()
कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सोमवार को मुख्यालय रोड पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस की मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। यह घटना अकबरपुर के लोकप्रिय अस्पताल में हुई। डेरापुर थाना क्षेत्र के सनिहापुर निवासी 24 वर्षीय दीपू ने अपनी पत्नी आसमा उर्फ क्षमा को 2 अगस्त, रविवार को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। ऑपरेशन के जरिए बच्चे का जन्म हुआ, जिसे बाद में इलाज के लिए अस्पताल के एनआईसीयू में रखा गया। ऑपरेशन के बाद प्रसूता आसमा की हालत बिगड़ने लगी। अस्पताल प्रबंधन ने 3 अगस्त, सोमवार को उसे बेहतर उपचार के लिए कानपुर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। प्रसूता की मौत के बाद परिजन शव को वापस लोकप्रिय अस्पताल लेकर पहुंचे। उन्होंने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया और मुख्यालय रोड पर लगभग 30 मिनट तक जाम लगाए रखा। इस दौरान यातायात बाधित हुआ और एक एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई थी। सूचना मिलने पर डायल-112 और अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और अस्पताल प्रबंधन से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई। पुलिस के अनुसार, फिलहाल परिजन अस्पताल के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं। थाना प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। उन्होंने पुष्टि की कि अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के बीच समझौता हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में कोई लिखित शिकायत प्राप्त होती है, तो नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत:कानपुर देहात में परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया, फिर हुआ समझौता