![]()
एम्स गोरखपुर में एडमिन और सीनियर एडमिन पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर एक शातिर युवक ने महिला सहित 12 लोगों से 3.09 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने खुद को एम्स का एचआर बताकर पहले भरोसा जीता, फिर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर व्हाट्सएप पर भेजे। फर्जीवाड़ा होने पर पीड़िता ने रुपये वापस मांगे तो गंदी-गंदी गालियां देकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर एम्स थाने में शनिवार की रात 9 बजे विपिन कुमार मिश्रा उर्फ नीरज मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच उप निरीक्षक धर्मेन्द्र मिश्रा को सौंपी गई है। रिलायंस ट्रेंड्स में ड्यूटी के दौरान फंसी महिला
कोतवाली क्षेत्र के रायगंज की प्रतिमा शर्मा मोहद्दीपुर स्थित रिलायंस ट्रेंड्स में सुपरवाइजर हैं। तहरीर में उन्होंने बताया कि 2 अप्रैल 2026 को शॉपिंग करने आए विपिन कुमार मिश्रा उर्फ नीरज मिश्रा ने उनसे बातचीत शुरू की। उसने कहा कि आपकी सैलरी 16 हजार है और 9 घंटे ड्यूटी करती हैं। जबकि वह एम्स में एचआर है और 30 हजार सैलरी पर नौकरी लगवा सकता है। भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने 6 अप्रैल को प्रतिमा को एम्स गेट पर बुलाया और डॉक्यूमेंट ले लिए। 14 अप्रैल को एम्स की एक बिल्डिंग के थर्ड फ्लोर स्थित ऑफिस में बुलाकर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन फीस के नाम पर 30 हजार रुपये लिए गए। उसने एक व्यक्ति को एम्स का हेड भी बताकर परिचय कराया। 12 लोगों से UPI के जरिए मंगवाए 2.72 लाख
आरोपी ने प्रतिमा के जरिए उसके साथियों से भी संपर्क किया। तहरीर के अनुसार, प्रतिमा, अमित तिवारी, स्नेहा शर्मा, अमित राव, हर्ष पाण्डेय, अंशुमान शर्मा, प्रमोद जायसवाल, अभिषेक मिश्रा, उमा शंकर शर्मा, मुख्तार अली, मंजीत शर्मा, अमन तिवारी और अनुराग ठाकुर के नाम पर रुपये जमा कराए गए। फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भेजकर टालता रहा
आरोपी ने पहले 1 मई फिर 22 मई 2026 की ज्वाइनिंग बताई। 22 मई को उसने व्हाट्सएप पर फर्जी लेटर भेजा। इसमें लिखा था – अमित तिवारी B0005521 प्रशासन विभाग, मानसी निषाद B0005588 रिसेप्शनिस्ट, हर्ष पाण्डेय B0005574 एडमिन, मंजीत शर्मा B0005547 ऑपरेशन और प्रतिमा शर्मा N0001711 सीनियर एडमिन बनाए गए हैं। रुपये मांगने पर दी धमकी
काफी समय गुजरने के बाद भी ज्वाइनिंग नहीं हई तब पीड़िता ने रुपये वापस मांगे। यह सुनकर आरोपी भड़क गया। उसने कहा “जिसके पास तुमको जाना है जाओ, एक भी रुपया वापस नहीं देंगे। अगर पुलिस के पास गई तो तुम्हें और तुम्हारे पूरे खानदान को जान से मरवा दूंगा।” पीड़िता ने जांच की तो आरोपी का फेसबुक अकाउंट विपिन कुमार मिश्रा और नीरज कुमार मिश्रा नाम से मिला। पीड़िता ने आरोपी और उसकी पत्नी को मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। पुलिस ने दर्ज किया केस, 3.09 लाख की रिकवरी की मांग
एम्स थाना प्रभारी महेन्द्र पांडेय के आदेश पर केस दर्ज किया गया है। पीड़िता ने कुल 3,09,000 रुपये की रिकवरी और विशेष जांच टीम गठित करने की मांग की है। पुलिस आरोपी के बैंक लेन-देन और मोबाइल लोकेशन खंगाल रही है। थाना प्रभारी महेंद्र पांडेय ने बताया कि साक्ष्य के आधार पर जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
AIIMS में नौकरी का झांसा देकर 3.09 लाख की ठगी:फर्जी HR ने गाली देकर दी जान से मारने की धमकी, एफआईआर