श्रावस्ती मे विभूतिनाथ मंदिर में सावन की तैयारी:लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद, एएसपी-सीओ ने सुरक्षा व्यवस्था देखी


श्रावस्ती में सावन माह के पहले सोमवार पर पांडवकालीन बाबा विभूतिनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार दोपहर बाद पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह और क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान ने सिरसिया थाना क्षेत्र स्थित मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नेपाल सहित कई जिलों से पहुंचेंगे श्रद्धालु
पांडवकालीन बाबा विभूतिनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रावस्ती के अलावा आसपास के कई जिलों और पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। प्रशासन के अनुसार, सोमवार को लाखों श्रद्धालुओं के जलाभिषेक करने की संभावना है। मंदिर में सोमवार सुबह करीब 3 बजे से देर शाम तक जलाभिषेक का क्रम जारी रहेगा। बैरिकेडिंग, सीसीटीवी और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थलों, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
पुलिसकर्मियों को दिए जरूरी निर्देश
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा।
अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
भीड़ बढ़ने की स्थिति में बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था सुचारु रखने, मंदिर परिसर और आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी अव्यवस्था या अफवाह की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के लिए कहा गया।
श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष सिरसिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जलाभिषेक के दौरान निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *