मेरठ में विहिप-बजरंग दल का 'नशा मुक्त भारत' अभियान:युवाओं को दिलाई नशा न करने की शपथ, हर साप्ताहिक मिलन में होगी 10 मिनट चर्चा


विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से रविवार को मेरठ महानगर में ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवाओं के नाम संदेश का एलईडी और टीवी के माध्यम से प्रसारण किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। बजरंग दल के महानगर संयोजक हिमांशु शर्मा ने कहा कि नशा आज समाज और खासकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। अभियान का संदेश ‘नशा छोड़ो-राष्ट्र जोड़ो’ है। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर समाज और देश के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को सामूहिक रूप से नशा न करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही उन लोगों का सम्मान भी किया गया, जिन्होंने नशा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में वापसी की है। संगठन ने यह भी घोषणा की कि बजरंग दल के प्रत्येक साप्ताहिक मिलन में 10 मिनट तक नशा मुक्ति पर चर्चा की जाएगी, ताकि युवाओं को लगातार जागरूक किया जा सके। संगठन ने सामाजिक, धार्मिक और शैक्षणिक संस्थाओं के साथ-साथ आम नागरिकों से भी अभियान से जुड़ने और नशामुक्त भारत के संकल्प को सफल बनाने की अपील की। कार्यक्रम में महानगर सह संयोजक अर्चित अग्रवाल, बल उपासना प्रमुख बिजेंद्र, विमर्श प्रमुख नमन अग्रवाल, विद्यार्थी प्रमुख विशाल धानक, मयंक बंसल, देव, सिद्धू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *