![]()
बरेली में तहसील प्रशासन ने एनएच-24 पर कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया है। यह शिविर सावन माह में कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रविवार को शुरू किया गया। नायब तहसीलदार सिमरन मैथानिया ने भगवान शिव का जलाभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर इसका उद्घाटन किया। सेवा शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए भंडारे, शुद्ध पेयजल, विश्राम और प्राथमिक उपचार की विशेष व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की एक टीम भी शिविर में तैनात की गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु की तबीयत खराब होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। एनएच-24 से गुजर रहे कांवड़ियों का स्वागत द्वार के माध्यम से स्वागत किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि यह शिविर सावन माह के दौरान लगातार संचालित रहेगा और श्रद्धालुओं को सभी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी भी प्रशासन द्वारा की जाएगी, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर लेखपाल अनिल कुमार, कमलजीत यादव और रामअनिल कुमार शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
Source link
एनएच-24 पर कांवड़ सेवा शिविर शुरू:प्रशासन ने की व्यवस्था, सावन भर मिलेंगी निशुल्क सुविधाएं