![]()
रामपुर में बाढ़ की स्थिति फिलहाल राहत भरी बनी हुई है। बीते 24 घंटे में कोसी नदी के रामनगर बैराज पर जलप्रवाह और डिस्चार्ज में कमी दर्ज की गई है। जिले की सभी प्रमुख नदियां अभी भी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं, और किसी भी स्थान पर वर्षा दर्ज नहीं की गई है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष, रामपुर नहर खंड की रविवार सुबह 8 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार सुबह 8 बजे कोसी रामनगर बैराज पर कुल जलप्रवाह 2937 क्यूसेक और डिस्चार्ज 1084 क्यूसेक था। रविवार सुबह 8 बजे यह घटकर क्रमशः 2501 क्यूसेक और 648 क्यूसेक रह गया। इस प्रकार, 24 घंटे में जलप्रवाह और डिस्चार्ज दोनों में 436 क्यूसेक की कमी आई है। दड़ियाल बंध पर कोसी नदी का गेज 207.20 मीटर पर स्थिर बना हुआ है, जबकि खतरे का निशान 209.69 मीटर है। इसी तरह, लालपुर वियर पर भी गेज 192.32 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के स्तर 195.23 मीटर से नीचे है। दोनों स्थानों पर जलस्तर सामान्य बना हुआ है।
रामगंगा नदी के गंगापुर भोपतपुर और हुसैनगंज गेज स्टेशनों पर भी जलस्तर में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दोनों स्थानों पर नदी खतरे के निशान से नीचे बह रही है। पीलाखार और भाखड़ा नदी पर भी कोई असामान्य स्थिति नहीं है। हरिपुरा और बोर जलाशयों से भी कोई पानी नहीं छोड़ा गया है। रिपोर्ट के अनुसार, जिले में रविवार सुबह तक कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। इससे फिलहाल बाढ़ का खतरा नहीं माना जा रहा है। प्रशासन लगातार नदी क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश होती है तो नदियों के जलस्तर में तेजी से बदलाव आ सकता है। अपर जिलाधिकारी (ADM) ने बताया कि 30 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। पानी बढ़ने की स्थिति में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सभी तैयारियां पहले से की गई हैं।
Source link
कोसी में जलप्रवाह घटा, सभी नदियां खतरे से नीचे:रामनगर बैराज पर जलप्रवाह-डिस्चार्ज में कमी, नहीं हो रही बारिश