![]()
गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बशारतपुर स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के सामने शनिवार की रात करीब 9 बजे मामूली वाहन टक्कर के बाद सड़क पर जमकर बवाल हुआ। ठोकर लगने के बाद दो वाहन चालकों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गया। इस दौरान हमलावरों ने थार गाड़ी के आगे और पीछे दोनों शीशे तोड़ दिए,जबकि दूसरी ओर बोलेरो पर भी हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। व्यस्त मेडिकल रोड पर बीच सड़क हुए इस हंगामे से लंबा जाम लग गया और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना के दौरान पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जबकि बाद में वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई। देर रात छापा मारकर दोनों पक्षों के 4 युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। शाहपुर थाने में पूछताछ चल रही है। बवाल हंगामा करने वाले आरोपियों की पहचान एक पक्ष के भेड़ियागड़ निवासी आदर्श कुमार उर्फ अंकित श्रीवास्तव, रितेश श्रीवास्तव के रूप में हुई। वहीं दूसरे पक्ष के भेड़ियागड़ निवासी रोहित कुमार सिंह और आशिफ को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जानिए पूरा मामला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन बोलेरो और थार चालकों के बीच पहले गाड़ी छू जाने को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और बीच सड़क पर मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक पक्ष ने थार पर हमला कर उसके आगे और पीछे के शीशे तोड़ दिए। जवाब में दूसरे पक्ष ने बोलेरो को निशाना बनाते हुए उस पर भी हमला कर दिया। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को काफी देर तक जाम से जूझना पड़ा। मारपीट का वीडियो सामने आने पर सक्रिय हो गई पुलिस मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन चालक शाहपुर थाना क्षेत्र के ही एक मोहल्ले के रहने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। व्यस्त सड़क पर हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्ष से 4 आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
Source link
गोरखपुर में थार-बोलेरो के टक्कर के बाद मारपीट:गाड़ियां तोड़ी, 20 मिनट बवाल काटा, सड़क पर लगा लंबा जाम, 4 गिरफ्तार