.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना से जुड़ी रही। जिसके तक पठानकोट में सीएम भगवंत मान से 40 लाख महिलाओं के खाते में पैसे ट्रांसपर किए।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. पंजाब-40 लाख महिलाओं को CM ने पैसे ट्रांसपर किए

पंजाब में 18 साल से बड़ी उम्र की 40 लाख महिलाओं के मोबाइल पर शनिवार को टूं-टूं हुई। आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत इनके खाते में पैसे ट्रांसफर किए। जनरल वर्ग की महिलाओं के खाते में 3 हजार और SC वर्ग की महिलाओं के खाते में 4500 रुपए आए।
पठानकोट के बुंगल स्थित व्हाइट मेडिकल कॉलेज में हुए कार्यक्रम में CM भगवंत मान ने कहा कि हमने जनता से किए सारे वादे पूरे किए हैं। पहले मुझे कोई जानता तक नहीं था, लेकिन महिलाओं ने मुझे मुख्यमंत्री बना दिया। अब उनके फोन पर टूं-टूं न करवाई तो क्या फायदा।
इस योजना से पहली बार लाभार्थी महिलाओं को 3 महीने की रकम एक साथ मिली है। इससे पहले 32 लाख महिलाओं के खाते में रकम ट्रांसफर की जा चुकी है। इस कार्यक्रम के बाद AAP सरकार 2027 के चुनाव से पहले अपनी सबसे बड़ी गारंटी में करीब 98 लाख में से 72 लाख महिलाओं को कवर कर लिया। (पढ़ें पूरी खबर)
2. कांग्रेस सांसद बोले- सिर झुकाता तो बड़ा पद मिलता

चंडीगढ़ से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी का पार्टी में अनदेखी को लेकर फिर दर्द छलका है। उन्होंने सोशल मीडिया (X) पर हबीब जालिब की शायरी ट्वीट की है। जिसमें तिवारी ने लिखा- झुका के सर को हो जाता जो ‘सर’ मैं, तो लीडर भी अज़ीमुश्शान होता…।
इसमें कवि कहता है कि अगर मैं भी सिर झुका देता, समझौता कर लेता या सत्ता के आगे नतमस्तक हो जाता, तो मैं भी बड़ा नेता, बड़ा पद या सम्मान पा सकता था। लेकिन मैंने अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया, इसलिए शायद मुझे वह पद या प्रतिष्ठा नहीं मिली।
हबीब जालिब की इस शायरी का मूल संदेश सत्ता के सामने झुकने के बजाय स्वाभिमान और सिद्धांतों पर अडिग रहने का रहा है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि तिवारी कांग्रेस से काफी नाराज हैं। पंजाब चुनाव से पहले ही वह पार्टी छोड़ सकते हैं। हालांकि, तिवारी की तरफ से इसको लेकर स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। (पढ़ें पूरी खबर)
3. वकील ने पुलिस के सामने महिला को गोली मारी

चंडीगढ़ में शनिवार दोपहर करीब 1 बजे सेक्टर-42 स्थित गर्ल्स कॉलेज के सामने एक महिला पर गोली चला दी गई। गोली महिला के सिर में लगी, जिससे वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ी। घटना उस समय हुई, जब महिला कोर्ट के आदेश पर अपने मकान का कब्जा लेने पहुंची थी।
महिला की पहचान मनविंदर कौर के रूप में हुई है। वह कोर्ट के आदेश के अनुसार अपने मकान का कब्जा लेने आई थीं। कब्जा दिलाने की प्रक्रिया के दौरान उनके साथ पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, ताकि कोर्ट के आदेश का पालन कराया जा सके।
इसी दौरान मकान पर कब्जा किए बैठे वकील जेपीएस चड्ढा ने मनविंदर कौर पर गोली चला दी। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने पूरे घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। (पढ़ें पूरी खबर)
4. चन्नी समर्थकों ने वड़िंग का विरोध किया, गुस्साए प्रधान ने कहा- कार्रवाई करूंगा

पंजाब कांग्रेस में पूर्व CM चरणजीत चन्नी और प्रदेश प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग के बीच की गुटबाजी अब वर्करों में भी पहुंच गई है। शनिवार को पटियाला के समाना में कार्यक्रम के दौरान चन्नी समर्थकों ने राजा वड़िंग का विरोध कर दिया। उन्होंने वड़िंग की हूटिंग करते हुए चन्नी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
यहां राजा वड़िंग ने जैसे ही बोलना शुरू किया तो समर्थकों ने चन्नी के हक में नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने ‘चन्नी लियाओ-पंजाब बचाओ’, ‘चन्नी लियाओ-कांग्रेस बचाओ’ के नारे लगाए। इससे राजा वड़िंग भड़क गए, उन्होंने पूछा कि क्यों नारे लगा रहे हो। जिसने पार्टी का प्रोग्राम खराब किया, उसके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई होगी। (पढ़ें पूरी खबर)
5. प्रॉपर्टी डीलर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, VIDEO सामने आया

चंडीगढ़ के सेक्टर-22 की सबसे व्यस्त शास्त्री मार्केट में एक प्रॉपर्टी डीलर पर लोहे की रोड से हमला कर दिया गया। घेरकर पहले उसकी कार रोकी गई, फिर जबरन गर्दन पकड़ गाड़ी से बाहर निकाला। बाहर आते ही उसपर लात-घूंसे और डंडे बरसाए। काफी देर बीच सड़क मारपीट चलती रही।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में एक दर्जन बदमाश अकेले युवक को दौड़ा-दौड़ाकर बीच सड़क पीटते हैं। जब भागने लगता है तो गिराकर रॉड से मारते हैं।
सूत्रों के अनुसार, प्रॉपर्टी कारोबारी आदित्य शर्मा (27) का कुछ लोगों से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर उसपर हमला किया। उधर, पुलिस ने अभी तक मामले में कोई एक्शन नहीं लिया। पुलिस का कहना है कि हमें कोई शिकायत ही नहीं मिली। (पढ़ें पूरी खबर)
6. एक साथ उठीं 3 दोस्तों की अर्थियां

चंडीगढ़ में शनिवार को तीन दोस्तों की अर्थियां एक साथ उठीं। शाम करीब 5 बजे सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। तीनों के शव सुबह सेक्टर-30 स्थित उनके घर पहुंचे।
जबकि चौथा दोस्त, जो बापूधाम कॉलोनी का रहने वाला था, उसका अंतिम संस्कार हरिद्वार में ही कर दिया गया। उसका परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है। अंतिम संस्कार के बाद परिवार अस्थियां विसर्जित कर मध्य प्रदेश जाएगा।
चारों दोस्तों की शुक्रवार को हरिद्वार की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई थी। वे कांवड़ के लिए गंगाजल भरकर चंडीगढ़ लौट रहे थे। रास्ते में गंगनहर में नहाने के दौरान एक युवक तेज बहाव और दलदली मिट्टी में फंसकर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी गहरे पानी में कूद गए, लेकिन देखते ही देखते चारों की डूबने से मौत हो गई।(पढ़ें पूरी खबर)
7. 140 करोड़ की हेरोइन पकड़ी, एक नशा तस्कर गिरफ्तार

अमृतसर में पुलिस ने 140 करोड़ की हेरोइन पकड़ी है। एक नशा तस्कर भी गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहा था।
इस हैंडलर का संबंध सीमा पार सक्रिय ड्रग्स तस्करों से है। आरोपी का मुख्य काम भारत-पाकिस्तान सीमा के पास पहुंचाई गई हेरोइन की खेप को प्राप्त करना और उसे पंजाब के विभिन्न जिलों में आगे सप्लाई करना था।
इस संबंध में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC), अमृतसर थाने में NDPS एक्ट के तहत एक FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान करने, पूरे गिरोह का खुलासा करने और पहले पकड़े गए ड्रग्स तस्करी मॉड्यूल से इसके संभावित संबंधों की जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
8. पुलिस के सामने वक्फ बोर्ड टीम की पिटाई

लुधियाना में वक्फ बोर्ड की जमीन का कब्जा लेने पहुंची टीम पर हमला किया गया। आरोपियों ने टीम के सदस्यों को लात-घूंसों मारे, जिसमें एक रेंट कलेक्टर घायल हो गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
जिसमें साफ देख जा सकता है की लोगा पुलिस के सामने कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हैं। इस दौरान एक कर्मचारी धक्का लगने से जमीन पर गिर जाता है, फिर जब वह उठता है, तो लोग उसे पकड़ कर पीटते हैं और उसके कपड़े फाड़ देते हैं।
थाना हैबोवाल पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और हमला करने के आरोप में पांच नामजद समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पंजाब वक्फ बोर्ड (लुधियाना) की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर की गई थी। (पढ़ें पूरी खबर)
9. स्पा सेंटर में सेक्स रैकेट पकड़ा, पुलिस देख युवतियां भागीं

जालंधर के रॉयल स्पा मसाज सेंटर में आज पुलिस ने रेड मारकर सैक्स रैकेट पकड़ा। स्पा सेंटर में मसाज करवाने के लिए कई लोग मौजूद थे। उनके साथ हरियाणा के पानीपत और रोहतक की युवतियां मिलीं जिन्हें स्पेशल तौर पर मसाज के लिए बुलाया गया था।
पुलिस ने रेड की तो 3 युवतियां और एक युवक भागने लगा। पुलिस ने तुरंत सभी को काबू कर लिया। युवतियां मसाज करती थीं और युवक रिसेप्शनिस्ट था। उनके पास से कंडोम के कई पैकेट मिले। इसके बाद स्पा सेंटर को पुलिस ने सील कर दिया।
शुक्रवार शाम करीब 7 बजे गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गढ़ा रोड स्थित ताज मार्केट के सामने छोटी बारादरी पार्ट-2 में ‘रॉयल स्पा’ नाम से चल रहे मसाज सेंटर में कथित तौर पर सेक्स रैकेट रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमारी की योजना बनाई। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. पत्नी का बर्थडे बना मुसीबत, फ्लाईओवर पर पटाखे पर कटा चालान

लुधियाना में पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए बीच सड़क और फ्लाईओवर पर पटाखे फोड़ना एक युवक को महंगा पड़ गया। साउथ सिटी रोड और फिरोजपुर रोड फ्लाईओवर पर खुलेआम भारी पटाखे चलाए गए, जिससे सड़क पर गुजर रहे लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद लुधियाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। जांच के बाद ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाने के आरोप में संबंधित व्यक्ति का 7,000 रुपये का चालान काटा गया।
पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों को जश्न मनाने का स्थान नहीं बनाया जा सकता। सड़क पर इस तरह की गतिविधियां न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करती हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी सड़क पर कानून तोड़कर जश्न मनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)