![]()
प्रतापगढ़ पुलिस को यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए अत्याधुनिक इनोवा इंटरसेप्टर वाहन मिला है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने शनिवार को सुबह करीब 11:30 बजे पुलिस लाइन प्रतापगढ़ से इस वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह इंटरसेप्टर वाहन आधुनिक तकनीक और उपकरणों से लैस है। इसके माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।
वाहन में लगी स्पीड गन निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से चलने वाले वाहनों की पहचान करेगी। ओवरस्पीडिंग के मामलों में स्वतः ई-चालान जनरेट हो सकेगा। इंटरसेप्टर वाहन में ब्लैक फिल्म (सन फिल्म) की जांच के लिए विशेष मापक उपकरण भी लगाया गया है। इसके जरिए मानक से अधिक ब्लैक फिल्म लगे वाहनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, वाहन में ब्रीथ एनालाइजर की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि इंटरसेप्टर वाहन को जिले के विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य मार्गों, दुर्घटना संभावित स्थलों तथा प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार नियमित रूप से तैनात किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना है।
Source link
प्रतापगढ़ पुलिस को मिली इनोवा इंटरसेप्टर:ओवरस्पीड, ब्लैक फिल्म, शराब पीकर ड्राइविंग पर होगी कार्रवाई