![]()
मैनपुरी में शासन की प्राथमिकता वाले फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को किशनी विकासखंड की ग्राम पंचायत समान और चितायन का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम को अभियान की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई तथा ग्राम समान के लेखपाल के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सचिवालय में निर्धारित लक्ष्य की तुलना में किसानों का पंजीकरण बेहद कम मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने ग्राम समान के लेखपाल संदीप यादव के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश उप जिलाधिकारी किशनी नवनीता राय को दिए। हालांकि, जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि अगले 15 दिनों में अभियान की प्रगति में उल्लेखनीय सुधार होता है तो प्रतिकूल प्रविष्टि वापस लेने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले इस अभियान में अपेक्षित प्रगति न होना गंभीर चिंता का विषय है। डीएम ने समीक्षा के दौरान उप जिलाधिकारियों और कृषि विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि नियमित समीक्षा और निर्देशों के बावजूद अभियान की रफ्तार नहीं बढ़ी है। प्रभावी निगरानी के अभाव में पूरा कार्य अधीनस्थ कर्मचारियों के भरोसे छोड़ दिया गया है, जिससे लक्ष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों और कृषि अधिकारियों को प्रतिदिन अभियान की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में प्रगति सबसे कम है, वहां स्वयं पहुंचकर किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराई जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत सचिवालयों पर ग्राम प्रधान, कोटेदार, पंचायत सहायक, लेखपाल और रोजगार सेवक की उपस्थिति सुनिश्चित कर शेष किसानों का पंजीकरण कराया जाए, ताकि अभियान समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि ग्राम समान में तीन लेखपाल क्षेत्र स्वीकृत हैं, लेकिन दो लेखपाल तहसील के कंप्यूटर कक्ष से संबद्ध होने के कारण क्षेत्र में केवल एक लेखपाल ही कार्य कर रहा है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए डीएम ने सभी संबद्ध लेखपालों को तत्काल कार्यमुक्त कर उनके मूल हलकों में भेजने के निर्देश दिए। 350 किसानों की ही हुई रजिस्ट्री, 2400 का पंजीकरण बाकी समीक्षा में पता चला कि ग्राम समान में लगभग 1,500 किसानों के सापेक्ष अब तक केवल 350 किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री हुई है। वहीं ग्राम पंचायत चितायन में करीब 2,400 किसानों का पंजीकरण अभी शेष है। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि प्रत्येक पात्र किसान का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी किशनी नवनीता राय सहित कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Source link
फॉर्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर डीएम ने दिखाई सख्ती:किशनी की दो ग्राम पंचायतों का निरीक्षण, 15 दिन में सुधार नहीं होने पर होगी कार्रवाई