यूपी के स्पोर्ट्स हॉस्टलों में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बनेंगे कोच:1.5 लाख रुपए महीना मिलेगा मानदेय, 14 अगस्त तक मांगे गए आवेदन


ओलंपिक और विश्व मंचों पर देश का तिरंगा फहराने का सपना देख रहे खिलाड़ियों को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण मिलेगा। प्रदेश सरकार ने स्पोर्ट्स हॉस्टलों में खिलाड़ियों की ट्रेनिंग को बेहतर बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। खेल निदेशालय के निर्देश पर प्रदेश के 34 स्पोर्ट्स हॉस्टलों में 16 खेलों के लिए 40 अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की कोच के रूप में नियुक्ति की जाएगी। चयनित कोचों को हर महीने 1.50 लाख रुपए मानदेय दिया जाएगा। इसके लिए 14 अगस्त तक आवेदन मांगे गए हैं। 16 खेलों के लिए होगी 40 कोचों की नियुक्ति प्रयागराज के क्रीड़ा अधिकारी शिव कुमार यादव ने बताया कि प्रदेश के 34 आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में 16 खेलों के लिए कोच नियुक्त किए जाएंगे। इनमें हॉकी, फुटबॉल, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, बॉक्सिंग, तैराकी, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, कबड्डी, जूडो, कुश्ती और तीरंदाजी शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को मिलेगी प्राथमिकता कोच बनने के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता स्नातक रखी गई है। इसके अलावा अभ्यर्थी ने ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, वर्ल्ड कप या चार साल में आयोजित होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लिया हो। पद्मश्री, खेल रत्न, अर्जुन, द्रोणाचार्य या ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी भी आवेदन कर सकते हैं। ऐसे प्रशिक्षक भी पात्र होंगे, जिन्होंने ओलंपिक, विश्व कप, एशियन गेम्स या कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय टीम को प्रशिक्षित किया हो। क्रीड़ा अधिकारी शिव कुमार यादव ने कहा कि आवासीय छात्रावासों में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीक और उच्चस्तरीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। 14 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन इच्छुक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और प्रशिक्षक 14 अगस्त 2026 तक अपने आवेदन, शैक्षणिक योग्यता और खेल संबंधी प्रमाणपत्रों की स्व-प्रमाणित प्रतियों के साथ क्षेत्रीय खेल कार्यालय, मदन मोहन मालवीय स्टेडियम, प्रयागराज में जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही फतेहपुर, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ के क्रीड़ा अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जिलों के पात्र अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का विवरण तय प्रारूप में समय पर उपलब्ध कराएं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *