रामपुर में पुरानी रंजिश में लाठी-डंडों से हमला:चार युवक घायल, 15 लोगों पर हमला करने का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच


रामपुर के बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हमीदाबाद में शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि करीब 15 लोगों ने लाठी-डंडों और तलवारों से हमला कर चार युवकों को घायल कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों की पहचान राजेश (20), कमल सिंह (23), हुकम सिंह (21) और तेजपाल (25) के रूप में हुई है। सभी को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में दो घायलों को सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया है, जबकि दो अन्य को गंभीर चोटों के चलते एक्स-रे के लिए रेडियोलॉजी विभाग भेजा गया है। घायलों ने बताया कि गांव में लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसी विवाद के चलते शुक्रवार सुबह दूसरे पक्ष के करीब 15 लोग लाठी-डंडे और तलवार लेकर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। हमले में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। परिजनों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि सभी घायलों का उपचार जारी है। एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद चोटों की गंभीरता का सही आकलन किया जाएगा और उसी के आधार पर आगे का इलाज किया जाएगा। उधर, बिलासपुर कोतवाली पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल एनसीआर दर्ज की गई है। मेडिकल रिपोर्ट, एक्स-रे रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर हमले में शामिल लोगों की भूमिका और घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *