![]()
मुजफ्फरनगर में सावन और कांवड़ यात्रा के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने गुरुवार दोपहर 2 बजे आवास पर पत्रकारों से बातचीत की। कहा, कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी आतंकी या असामाजिक गतिविधि को रोकने के लिए जिले में एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य करोड़ों शिवभक्तों की यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। शिवभक्तों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम राज्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार और ऋषिकेश से गंगाजल लेकर लाखों-करोड़ों श्रद्धालु अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को शिवभक्तों की सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि कई श्रद्धालु 250 से 300 लीटर तक गंगाजल लेकर कठिन पदयात्रा करते हैं। ऐसे में उनके लिए भोजन, पेयजल, विश्राम, चिकित्सा और 24 घंटे बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। ड्रोन, सीसीटीवी और पुलिस बल से हो रही निगरानी कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं कांवड़ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। डीजीपी और मुख्य सचिव स्तर से भी सभी जनपदों की निगरानी की जा रही है। पूरे कांवड़ मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और अन्य आधुनिक संसाधनों की मदद से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई राज्यमंत्री ने कहा कि ATS की तैनाती का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी आतंकी या असामाजिक तत्व यात्रा में व्यवधान न डाल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कांवड़ यात्रियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और यात्रा की पवित्रता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
Source link
कांवड़ यात्रा की सुरक्षा में ATS तैनात:मंत्री कपिल देव बोले- आतंकी या असामाजिक तत्वों पर रहेगी कड़ी नजर