![]()
शाहजहांपुर के पुवायां में कांवड़ यात्रा मार्ग की जर्जर सड़कों की मरम्मत और सड़कों पर घूम रहे गौवंश को हटाने की मांग। बुधवार को हिंदू युवा संगठन के पदाधिकारियों ने पैदल मार्च निकाला। जिला मुख्यालय की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रास्ते में रोक लिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। बाद में पुलिस के आश्वासन के बाद मामला शांत हो गया। हिंदू युवा संगठन के पदाधिकारियों ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश मिश्र के नेतृत्व में पुवायां में एकत्र हुए। अपनी मांगों को लेकर जिला मुख्यालय की ओर पैदल मार्च शुरू किया। संगठन का कहना था कि शाहजहांपुर से नियामतपुर मोड़ और बड़ागांव से पुवायां तक की सड़कें गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। सावन के दौरान इन्हीं मार्गों से बड़ी संख्या में कांवड़िए गुजरते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने तत्काल गड्ढे भरवाकर सड़क दुरुस्त कराने की मांग की। पदाधिकारियों ने सड़कों पर खुले घूम रहे गौवंश को भी कांवड़ यात्रियों के लिए खतरा बताया। उनका कहना था कि रात के समय सड़क पर बैठे या घूम रहे गौवंश आसानी से दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। संगठन ने प्रशासन से सभी गौवंश को पकड़कर गौशालाओं में भेजने की मांग की। उनका कहना था कि इस संबंध में पहले भी कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। मांगों को लेकर संगठन के कार्यकर्ता जिला मुख्यालय की ओर पैदल मार्च कर रहे थे। इसी दौरान पुवायां पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के सामने रखीं, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और संगठन के पदाधिकारियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस अधिकारियों ने संगठन के प्रतिनिधियों से वार्ता कर उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हो गए और मामला समाप्त हो गया।
Source link
शाहजहांपुर में हिंदू संगठन और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की:कांवड़ मार्ग की बदहाल सड़कों को लेकर हिंदू युवा संगठन का पैदल मार्च, आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला