![]()
गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र के करीमुल्लापुर गांव के पास गुरुवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नहर से करीब 200 मीटर अंदर पड़े शव की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर में गोली लगने के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय रोहित यादव पुत्र राजेंद्र यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रोहित मूल रूप से मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र का निवासी था, लेकिन वह अपने परिवार के साथ ननिहाल मर्दापुर (मर्दा) में रह रहा था। परिवार में बड़े भाई राहुल यादव और बड़ी बहन सरिता हैं। बताया गया कि रोहित वाराणसी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और अपने बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयासरत था। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने नहर के किनारे युवक का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची शादियाबाद थाना पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल के साक्ष्यों को भी खंगाल रही है। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
Source link
गाजीपुर में स्टूडेंट की गोली मारकर हत्या:नहर के पास मिला शव, ननिहाल घूमने आया था