झांसी में फिर बढ़ने लगी उमस, आज 35℃ जाएगा टेम्परेचर:अगले दो दिन आसमान रहेगा साफ, कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी के आसार


झांसी में बुधवार की बारिश से मिली राहत गुरुवार सुबह खत्म होती नजर आई। सुबह से तेज धूप निकलने के साथ ही उमस फिर बढ़ने लगी है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार आज जिले में गर्मी का असर बढ़ेगा और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना जरूर है, लेकिन व्यापक बारिश के आसार फिलहाल नहीं हैं।
जुलाई माह समाप्ति की ओर है, लेकिन इस बार पूरे महीने मानसून का प्रभाव अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। महीने के अंतिम दिनों में आईएमडी ने झांसी में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया था। हालांकि बुधवार को हुई बारिश के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अब लगातार बारिश का दौर शुरू होगा, लेकिन गुरुवार सुबह तेज धूप निकलने से वह उम्मीद फिलहाल धूमिल होती दिखाई दे रही है। आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। धूप के कारण दिनभर उमस बनी रह सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन अच्छी बारिश की संभावना कम है।
बारिश की कमी का असर जिले की कुल वर्षा पर भी साफ दिखाई दे रहा है। जुलाई के अंतिम सप्ताह तक भी झांसी में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी अच्छी बारिश का इंतजार है। फिलहाल मौसम का मिजाज यही संकेत दे रहा है कि अगले कुछ दिन गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना कम है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *