![]()
हमीरपुर में कानपुर-सागर हाईवे पर बेतवा नदी पुल के पास बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में एआरटीओ विभाग के सेवानिवृत्त एकाउंटेंट मंजूर अहमद की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे विभाग के ही सेवानिवृत्त कर्मचारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, बांदा शहर निवासी 74 वर्षीय मंजूर अहमद एआरटीओ विभाग से एकाउंटेंट पद से सेवानिवृत्त हुए थे। विभाग में कर्मचारियों की कमी के चलते समय-समय पर उनकी सेवाएं ली जाती थीं। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे मंजूर अहमद, ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के साथ बाइक से एआरटीओ कार्यालय से बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कानपुर-सागर हाईवे पर बेतवा नदी पुल के पास पीछे से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर पीछे बैठे मंजूर अहमद सड़क पर सिर के बल गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे ब्रजेश कुमार त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मंजूर अहमद को मृत घोषित कर दिया। घायल ब्रजेश कुमार त्रिपाठी का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही एआरटीओ विभाग के अधिकारी और कर्मचारी जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
डंपर की टक्कर से एआरटीओ विभाग के एकाउंटेंट की मौत:हमीरपुर में साथी कर्मचारी घायल, बेतवा पुल पर हुआ हादसा