![]()
सुल्तानपुर में स्कूलों के खुलने और बंद होने के एक ही समय के कारण जाम की समस्या होती है। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार 3 बजे डीएम से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन भी सौंपा। यह समस्या शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित टाइनी टॉट्स पब्लिक स्कूल, स्टेला मैरिस कॉन्वेंट स्कूल, के.एन.आई. स्कूल और एम.जी.एस. स्कूल सहित अन्य प्रमुख विद्यालयों के एक साथ खुलने और छुट्टी होने से उत्पन्न होती है। इससे शहर के मुख्य चौराहों पर प्रतिदिन भारी जाम लग जाता है। इस जाम के कारण राहगीरों, मरीजों, स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। भीषण गर्मी और यातायात दबाव के बीच एम्बुलेंस सहित अन्य आवश्यक सेवाओं को भी जाम के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि स्कूलों के समय में केवल 15 से 20 मिनट का अंतर कर देने से शहर की यातायात व्यवस्था में काफी सुधार हो सकता है। उन्होंने इसे जनहित का विषय बताते हुए प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को लगातार प्रशासन के समक्ष उठा रही है। कांग्रेस नेता सुब्रत सिंह सनी ने जिलाधिकारी से मांग की कि सभी संबंधित विद्यालयों के समय में समन्वय स्थापित करते हुए कम से कम 15 से 20 मिनट का अंतर निर्धारित कराया जाए, ताकि यातायात सुचारु हो सके। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश सचिव रणजीत सिंह सलूजा, महासचिव ममनून आलम, आरटीआई प्रदेश महासचिव मनोज शुक्ला, आरटीआई अध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव, इमरान अहमद और प्रभाशंकर पाण्डेय पंकज सहित कई अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
Source link
सुल्तानपुर में स्कूलों के समय बदलने की मांग:कांग्रेस ने डीएम को मांग पत्र सौंपा, कहा- जाम से निजात मिलेगी