संस्कृति विभाग के प्रशासनिक अधिकारी के घर चोरी:14 लाख के जेवर और नकदी ले गए चोर, घर के ताले तोड़कर हुई घटना


लखनऊ के इंदिरानगर के शिवम सिटी इलाके में चोरों ने संस्कृति विभाग में तैनात प्रशासनिक अधिकारी के बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 14 लाख रुपए के जेवर और 10 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी पड़ोसी के फोन से मिली। पीड़ित की तहरीर पर इंदिरानगर पुलिस ने 25 जुलाई को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संस्कृति विभाग में प्रशासनिक अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि उनकी वर्तमान तैनाती संतकबीर नगर में है। 17 जुलाई को वह पत्नी और बेटी के साथ संतकबीर नगर चले गए थे। 24 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे पड़ोसी कपिल का फोन आया। उन्होंने बताया कि उनके मकान का ताला टूटा हुआ है। राकेश कुमार के अनुसार, अगले दिन जब वह लखनऊ पहुंचे तो देखा कि चोर मेन गेट समेत सभी कमरों के ताले तोड़ चुके थे। घर के अंदर रखी अलमारी के लॉकर भी खुले पड़े थे। लॉकर में रखे करीब 14 लाख रुपये के जेवर और 10 हजार रुपये की नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *