![]()
शामली जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने एक और कदम उठाया है। मंगलवार शाम को पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने पानीपत-खटीमा हाईवे पर कंडेला चौराहे के पास ब्रिज के नीचे एक नए पुलिस चेकिंग पॉइंट का उद्घाटन किया। इस दौरान कई पुलिस अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस नवनिर्मित चेकिंग पॉइंट का प्रभारी उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह को नियुक्त किया गया है। यह पॉइंट हाईवे पर वाहनों की निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और यातायात व्यवस्था पर नजर रखने का कार्य करेगा। यह सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता भी सुनिश्चित करेगा।
यह चेकिंग पॉइंट देर रात गश्त करने वाली पुलिस टीमों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। हाईवे पर कांवड़ियों की बड़ी संख्या में आवाजाही रहती है, ऐसे में यह पॉइंट सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए महत्वपूर्ण होगा।
एसपी ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है। उन्होंने यह भी बताया कि जहानपुर क्षेत्र में पहले ही ऐसा एक चेकिंग पॉइंट स्थापित किया जा चुका है। अगले चरण में सिभालका ब्रिज के पास भी नया चेकिंग पॉइंट बनाया जाएगा। इन चेकिंग पॉइंट्स से जिले के प्रमुख मार्गों पर पुलिस की निगरानी मजबूत होगी। हाईवे पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति से अपराधियों पर अंकुश लगाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सड़क सुरक्षा में सुधार लाने में मदद मिलेगी। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रहे और नागरिक सुरक्षित महसूस करें।
Source link
एसपी ने शामली में नए चेकिंग पॉइंट का उद्घाटन किया:कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए फैसला लिया, 24 घंटे होगी निगरानी