फर्रुखाबाद में झोलाछाप का शव खेत में मिला:सिर और आंख पर चोट के निशान; हत्या की आशंका


फर्रुखाबाद में मंगलवार सुबह करीब 8 बजे एक झोलाछाप का शव खेत में मिला। झोलाछाप की पहचान हरिनाम सिंह उर्फ पप्पू (40 वर्ष) के रूप में हुई है। शव के सिर और आंख के पास चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला कमालगंज थाना क्षेत्र के सवासी गांव का है। हरिनाम सिंह खेती-किसानी के साथ आसपास के गांवों में झोलाछाप डॉक्टर के रूप में भी कार्य करते थे। वह सोमवार शाम करीब 4 बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा और परिवार को सूचना दी। वह चार भाइयों में सबसे बड़े थे। परिवार में पत्नी मीरा देवी, एक विवाहित बेटी संजू, बेटी सरिता तथा दो बेटे अनिरुद्ध और अर्पित हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर कमालगंज थाना पुलिस और अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। एएसपी गिरीश कुमार सिंह ने बताया, पीआरवी-112 के माध्यम से खेत में शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर मृतक के सिर और आंख के पास चोट के निशान मिले। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक क्षेत्र में दवा-इलाज का कार्य करता था और सोमवार शाम कैलाश के घर के सामने बनी मड़ैया पर बैठा हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों की पुष्टि होगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *