सीएम ग्रिड के काम में लापरवाही, पैनल्टी लगाने की संस्तुति:सहायक नगर आयुक्त के निरीक्षण में खुली पोल, नगर आयुक्त को भेजी रिपोर्ट


आगरा में सीएम ग्रिड योजना के तहत होने वाले काम में काफी लापरवाही बरती जा रही है। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम के निरीक्षण में यह पोल खुली। निरीक्षण के दौरान सीएम ग्रिड का काम पूरी तरह से ठप मिला। मौके पर न मशीनरी थी और न ही यहां कोई कर्मचारी काम कर रहा था।
इस पर सहायक नगर आयुक्त ने ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पैनल्टी लगाए जाने की संस्तुति की है। निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट सहायक नगर आयुक्त को भेजी गई है। कांवड यात्रा के मद्देनजर निरीक्षण
सावन के पहले सोमवार को राजेश्वर महादेव मंदिर पर लगने वाले मेले और कांवड यात्रा की तैयारियों के मद्देनजर उन्होंने निरीक्षण किया था। इस दौरान ठेकेदार की बड़ी लापरवाही उजागर हुई। सहायक नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अमर होटल से राजपुर चुंगी तथा बसई से 100 फुटा रोड तक संचालित सीएम ग्रिड परियोजनाओं पर कार्य पूरी तरह से ठप था। मौके पर न तो कोई मशीनरी कार्यरत मिली और न ही कोई श्रमिक निर्माण कार्य करता हुआ दिखाई दिया। जबकि यह मार्ग सावन माह में लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की आवाजाही का प्रमुख रास्ता है।
ऐसे में निर्माण कार्यों की धीमी गति और अव्यवस्था को लेकर नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। चैंबरों के खुले मिले ढक्कन
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कई स्थानों पर सीवर चैम्बरों को बिना उचित ढक्कन के खुला छोड़ दिया गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा संबंधी चेतावनी बोर्ड (साइनेज) भी नहीं लगाए गए हैं। सड़क किनारे मिट्टी के बड़े-बड़े ढेर पड़े हैं, लेकिन उनकी समुचित बैरिकेडिंग नहीं की गई है। इससे श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सहायक नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संबंधित ठेकेदार से तत्काल कार्य प्रारंभ कराया जाए तथा सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से 100 फुटा रोड, जो सावन की परिक्रमा का प्रमुख मार्ग है, उसकी तत्काल समुचित लेवलिंग कराई जाए, सड़क पर पड़ी मिट्टी का उचित समतलीकरण कराया जाए। सभी संवेदनशील स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाए जाएं। जिससे कि कांवड़ यात्रा एवं राजेश्वर मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण यदि श्रद्धालुओं या आम नागरिकों को कोई परेशानी होती है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध अनुबंध की शर्तों के अनुरूप कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निरीक्षण में जिन कमियों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, उनके आधार पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई एवं अर्थदंड लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराकर सुरक्षा मानकों, बैरिकेडिंग, साइनेज, सीवर चैम्बरों की सुरक्षा तथा मार्ग की समुचित लेवलिंग हर हाल में सुनिश्चित कराई जाएगी। लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *