सोनभद्र में बच्चों के आधार कार्ड को दें सर्वोच्च प्राथमिकता:डीएम ने 18 साल से पहले बायोमेट्रिक अपडेट कराने के दिए निर्देश


सोनभद्र में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आधार प्रमाणीकरण और आधार कार्ड निर्माण की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को बच्चों के आधार कार्ड बनाने के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को 18 वर्ष की आयु पूरी होने से पहले अपना आधार बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य रूप से कराना चाहिए, ताकि भविष्य में सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में कोई परेशानी न हो। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आधार प्रमाणीकरण और आधार कार्ड निर्माण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को बच्चों के आधार कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाने और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश जिलाधिकारी ने कहा कि आधार प्रत्येक नागरिक की पहचान का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आधार का अद्यतन और प्रमाणीकरण आवश्यक है। उन्होंने नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों के आधार कार्ड समय पर बनवाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक व्यक्ति 18 वर्ष की आयु पूरी होने से पहले अपना आधार बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य रूप से करा ले। इससे भविष्य में तकनीकी समस्याओं से बचा जा सकेगा और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। इस संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार (आईसीडीएस) तथा स्वास्थ्य विभाग को बच्चों के आधार नामांकन के लिए मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इन विभागों के माध्यम से विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों में बच्चों के आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बैंकों और डाकघरों में भी आम नागरिकों के लिए आधार नामांकन, संशोधन और बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा उपलब्ध है। सभी विभागों को उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए शत-प्रतिशत पात्र बच्चों के आधार कार्ड बनवाने और आवश्यक बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि आधार से संबंधित किसी भी शिकायत या तकनीकी समस्या के समाधान के लिए नागरिक यूआईडीएआई की टोल फ्री हेल्पलाइन 1947 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जनपद का आधार सहायता केंद्र रोडवेज बस अड्डे के पास संचालित है। आधार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए नोडल अधिकारी आशीष कुमार पांडेय से भी संपर्क किया जा सकता है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला सांख्यिकी अधिकारी संतपाल वर्मा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *