AAP सांसद बलबीर सीचेवाल ने सिक्योरिटी लौटाई:कहा-मुझसे ज्यादा लोगों को सुरक्षा की जरूरत; DGP गौरव यादव को लिखा पत्र


आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संत बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल ने अपनी सुरक्षा लौटा दी है। सीचेवाल ने अपनी सुरक्षा में तैनात सभी 6 पुलिसकर्मियों को वापस करने की इच्छा जताई है। उन्होंने पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का हवाला दिया गै। सीचेवाल ने डीजीपी गौरव यादव को पत्र लिखकर उक्त पुलिसकर्मियों को थानों में तैनात करने की मांग की है।सीचेवाल का मानना है कि इन जवानों की तैनाती थानों में होने से क्षेत्र में पुलिसिंग मजबूत होगी और अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। सीचेवाल ने डीजीपी को लिखे अपने पत्र में बताया कि उनकी सुरक्षा में तैनात 6 में से 3 जवान पैतृक गांव सीचेवाल में रहते हैं, जबकि 3 जवान उनके साथ दौरों पर रहते हैं। संत सीचेवाल ने सुरक्षा वापस करने के साथ-साथ पंजाब की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा से कहीं अधिक महत्वपूर्ण आम जनता की सुरक्षा है। सीचेवाल ने पत्र में क्या लिखा: मेरे गांव में एक ही रात में चोरी की 8 घटनाएं: सीचेवाल ने क्षेत्र की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि उनके अपने गांव में एक ही रात में चोरी की 8 घटनाएं सामने आई हैं। हालात यह है कि बिजली के तार तक चोरी कर लिए गए। इसके अलावा सुल्तानपुर लोधी में धार्मिक स्थलों पर भी अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। सुरक्षा में तैनात जवानों को थानों में भेजा जाए: सांसद ने अपने पत्र की प्रतियां मुख्यमंत्री, राज्यपाल, संबंधित डिप्टी कमिश्नर और जालंधर व कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSPs) को भी भेजी हैं। उन्होंने मांग की है कि सुल्तानपुर लोधी और लोहियां खास पुलिस थानों में कर्मचारियों की भारी कमी है। क्षेत्र में बढ़ती ड्रग्स की समस्या और उससे जुड़े अपराधों से निपटने के लिए अधिक पुलिस बल की सख्त जरूरत है। व्यक्तिगत सुरक्षा की आवश्यकता नहीं: संत सीचेवाल ने स्पष्ट किया कि उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने पहले भी सुरक्षा हटाने का अनुरोध किया था। आम आदमी पार्टी के अन्य राज्यसभा सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद सीचेवाल पंजाब में ‘आप’ के प्रमुख चेहरा हैं। ऐसे में उनकी ओर से अपनी सुरक्षा वापस लौटाने का यह फैसला राज्य में वीआईपी सुरक्षा बनाम जन-सुरक्षा की बहस को फिर से गर्म कर सकता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *