![]()
बीकानेर पुलिस ने पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के गुर्गे को इंडियन सिम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। जयपुर की एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉयड (ATS) के सूत्रों के अनुसार बज्जू थाना क्षेत्र के गौड़ू गांव का रहने वाला अनिल कुमार (22) लंबे समय से आतंकी के गुर्गे उज्जेर से संपर्क में था। उसने 17 जुलाई को इंडियन सिम को पाकिस्तान में एक्टिवेट करने से लिए वन टाइम पासवर्ड (OTP) आतंकी के साथ शेयर किया था। इसके बाद एटीएस की टीम ने 18 जुलाई को उसे घर से हिरासत में ले लिया। एक दिन पूछताछ के बाद उसे 19 जुलाई को लोकल पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया है। 18 जुलाई को घर पहुंचे थे कुछ लोग पिता ने बताया – उनका परिवार चक 3 जीएम (घेरा माइनर) की एक ढाणी में रहता है। 18 जुलाई को सादा कपड़ों में दो लोग घर आए और खुद को ईडी (ED) का अधिकारी बताया। अनिल मेरे और बहन के साथ खेत में काम कर रहा था। दोनों ने कहा – जांच में अनिल का नाम आया है और उससे कुछ पूछताछ करनी है। इसके बाद उन्होंने घर में ही करीब तीन से चार घंटे तक अनिल से अकेले में पूछताछ की। बीकानेर में चाय बेचता था, फिर मुंबई चला गया पिता के अनुसार, अनिल आठवीं क्लास तक पढ़ा है। बीकानेर के एक सरकारी अस्पताल में वह चाय बेचने का काम करता था, लेकिन कम उम्र होने के कारण एक डॉक्टर ने उसे पकड़कर नयाशहर थाना पुलिस के हवाले कर दिया था। इसके बाद वह करीब तीन साल पहले मुंबई चला गया, जहां लकड़ी के काम से जुड़ गया। संभव है मुंबई में काम करने के दौरान ही अनिल किसी गलत इंसान के संपर्क में आया हो। पाकिस्तान में एक्टिव है सिम पुलिस के अनुसार ये सिम अब भी पाकिस्तान में एक्टिव है। सुरक्षा एजेंसियों सिम के एक्टिवेशन से अब तक उसके हर डेटा की जांच कर रही है। आरोपी ने पूछताछ में एटीएस और पुलिस को सिम खरीदने और उसके एक्टिवेशन के प्रोसेस को लेकर कई जानकारियां शेयर की है। फिलहाल आरोपी के मोबाइल और उसकी आईडी से एक्टिव दूसरे कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। जांच एजेंसियों के रडार पर कई और लोकल युवा हैं जिनके पाकिस्तानी आंतकी शहजाद भट्टी के कॉन्टैक्ट में आने की आशंका है। देशविरोधी गतिविधि में शामिल होने का आरोप बज्जू थाना प्रभारी चंद्रवीर सिंह ने बताया – अब तक जांच में सामने आया है कि भट्टी गैंग के आतंकी उज्जेर ने ही अनिल से कॉन्टैक्ट किया था। उसे अपनी बातों में फंसाकर सिम हासिल कर ली। इसके बाद उससे ओटीपी भी ले लिया। पुलिस का कहना है कि इस सिम का पाकिस्तान में किसी भी तरह के गलत इस्तेमाल की आशंका है। फिलहाल अनिल गिरफ्तार है। देशविरोध गतिविधियों में शामिल होने के आरोपों को लेकर जांच की जा रही है। बॉर्डर वाले जिलों में एक्टिव हैं आतंकी के गुर्गे राजस्थान-पाकिस्तान बॉर्डर से लगते जिलों में पिछले करीब एक साल में शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े कई लोगों को पकड़ा गया है। आरोप है कि आतंकी युवाओं को सोशल मीडिया के जरिए फंसाकर भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसाता है। गैंग बॉर्डर पार से हथियार और ड्रग्स की सप्लाई भी श्रीगंगानगर, बीकानेर जिलों के बॉर्डर एरिया से करती है। आतंकी राजस्थान में धमाके की साजिश भी कर चुका है। इसके लिए बॉर्डर पर से आरडीएक्स भी भेजा गया था, लेकिन प्लान फेल हो गया। पिछले कुछ महीने में 10 से ज्यादा आरोपियों को पकड़ा 25 मार्च को हनुमानगढ़ के गांव किशनपुरा दिखनादा निवासी जसवंत कुमार उर्फ सोनू को पाकिस्तानी गैंगस्टर से संपर्क और हथियारों की फोटो शेयर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। 26 मार्च को श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र के केरा चक निवासी आकाशदीप को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जांच में पता चला कि वह पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के साथ इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप पर लगातार संपर्क में था और गांव में लोगों को धमकियां दे रहा था। 6 अप्रैल को हनुमानगढ़ जंक्शन के सुरेशिया कॉलोनी निवासी सुनील उर्फ धोलू को पिस्टल के साथ पकड़ा गया। उसके मोबाइल में पाकिस्तानी गैंगस्टर का वॉट्सऐप नंबर और मैसेज मिले। सुनील पर पहले से 10 मामले दर्ज है। 13-14 मई को श्रीगंगानगर जिले की अलग- अलग जगहों से 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे फिलहाल पूछताछ की जा रही है। — संबंधित ये खबर भी पढ़ें … राजस्थान-20 से ज्यादा शहरों में ATS के छापे, एक गिरफ्तार:28 हिरासत में, पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से कनेक्शन की आशंका एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) की टीमों ने शुक्रवार सुबह राजस्थान के 20 से ज्यादा शहरों में छापेमारी की है। रेड पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़े लोगों को पकड़ने के लिए की गई है। पूरी खबर पढ़िए
Source link
राजस्थान के युवक ने आतंकी को दिया ओटीपी:पाकिस्तान में सिम एक्टिव होते ही ATS ने घर से पकड़ा, टेरेरिस्ट शहजाद भट्टी गैंग से जुड़ा