![]()
खेल निदेशालय ने सिविल सर्विसेज के 19 खेलों के जिला, मंडल और प्रदेश स्तरीय चयन व ट्रायल्स का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रयागराज मंडल में भी इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। इन ट्रायल्स में सरकारी कर्मचारियों के बीच मुकाबला होगा और बेहतरीन खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। क्रीड़ा अधिकारी शिव कुमार यादव ने बताया कि इन ट्रायल्स में केवल पूर्ण रूप से सरकारी कर्मचारी ही हिस्सा ले सकेंगे। सरकार की गाइडलाइन के अनुसार, स्वायत्तशासी संस्थाओं (ऑटोनॉमस बॉडी) जैसे परिषद, बोर्ड, नगर निगम, पंचायत और पुलिस विभाग के कर्मचारी (अध्यापक व सहायक अध्यापक आदि) इस चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए पात्र नहीं होंगे। प्रयागराज के जो कर्मचारी इन खेलों में भाग लेना चाहते हैं, उन्हें अपने विभाग के सक्षम अधिकारी से अनुमति लेकर ट्रायल में शामिल होना होगा। जिला स्तरीय चयन और ट्रायल्स 06 अगस्त को सुबह 11 बजे से आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद मंडल स्तरीय चयन व ट्रायल्स 12 से 13 अगस्त को सुबह 11 बजे से होंगे। मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में तैराकी, कबड्डी, भारोत्तोलन एवं बेस्टफिजिक, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कुश्ती, पावरलिफ्टिंग, क्रिकेट, हॉकी, खो-खो और योगासन खेलों के ट्रायल्स होंगे। वहीं, अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में टेनिस, टेबल-टेनिस, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, शतरंज, ब्रिज और कैरम खेलों के ट्रायल्स आयोजित किए जाएंगे। जिला और मंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ी 19 और 20 अगस्त को राज्य स्तरीय ट्रायल में भाग लेंगे। टेनिस के प्रदेश स्तरीय ट्रायल्स बरेली में, वॉलीबॉल के श्रावस्ती में, तैराकी के अयोध्या में, बास्केटबॉल के आगरा में, बैडमिंटन के बस्ती में और टेबल-टेनिस के प्रयागराज में संपन्न होंगे। कबड्डी प्रतियोगिता के लिए रायबरेली, शतरंज के लिए लखनऊ, तथा भारोत्तोलन एवं बेस्टफिजिक के ट्रायल्स अमेठी में निर्धारित किए गए हैं। एथलेटिक्स के मुकाबले मेरठ में, फुटबॉल के उन्नाव में और कुश्ती के ट्रायल्स लखनऊ में होंगे। कैरम के लिए कानपुर, ब्रिज के लिए लखनऊ, और पावरलिफ्टिंग के ट्रायल्स आजमगढ़ में आयोजित किए जाएंगे। क्रिकेट के प्रदेश स्तरीय ट्रायल्स गाजियाबाद में, हॉकी के मुरादाबाद में, खो-खो के वाराणसी में और योगासन के प्रदेश स्तरीय ट्रायल्स कासगंज में संपन्न होंगे।
Source link
सिविल सर्विसेज के 19 खेलों के ट्रायल्स का बिगुल बजा:प्रयागराज में 6 अगस्त से शुरू होगी चयन प्रक्रिया