सीतापुर में खेत में सिर कटा शव मिला:ग्रामीणों ने खेत में देखा शव, शिनाख्त के साथ सिर की तलाश जारी


सीतापुर में संदना थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक खेत में सिर कटा अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की गर्दन धड़ से अलग थी, जबकि घटनास्थल पर सिर नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का माना जा रहा है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने के साथ ही सिर की तलाश और साक्ष्य जुटाने में लगी है। घटना रविवार सुबह करीब नौ बजे देवरी खुर्द गांव निवासी सुरजबली के खेत की है। ग्रामीण जब खेत की ओर गए तो उन्हें एक व्यक्ति का धड़ पड़ा दिखाई दिया। पास जाकर देखा तो शव की गर्दन धड़ से अलग थी और सिर मौके पर मौजूद नहीं था। यह नजारा देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इसके बाद तत्काल संदना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन, सिर का नहीं लगा सुराग सूचना मिलते ही संदना थानाध्यक्ष मान सिंह पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आसपास के खेतों और इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शव का सिर बरामद नहीं हो सका था। फोरेंसिक टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए और पुलिस को जांच के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। गुमशुदगी के मामलों से कराया जा रहा मिलान शव की पहचान के लिए पुलिस आसपास के थानों से हाल के गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। इसके अलावा पड़ोसी जनपदों से भी गुमशुदा लोगों की जानकारी मंगाई गई है, ताकि मृतक की शिनाख्त जल्द हो सके। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार थानाध्यक्ष मान सिंह पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होते ही घटना के कारणों और आरोपियों तक पहुंचने में आसानी होगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *