![]()
बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल आठ वर्षीय छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने लालपुर करीता चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया और सूरतगंज-हेतमापुर मार्ग जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। मृतका की पहचान लालपुर करीता बाजार निवासी रामसेवक गुप्ता की आठ वर्षीय बेटी पूजा गुप्ता के रूप में हुई है। वह प्राथमिक विद्यालय कुतुलूपुर में कक्षा एक की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पूजा स्कूल जा रही थी। इसी दौरान हेतमापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल पूजा की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर प्रदर्शन शनिवार को शव गांव पहुंचने के बाद परिजन और ग्रामीण सड़क पर उतर आए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि आरोपी बाइक चालक प्रियांशु, निवासी कलवापुर (सीतापुर), के खिलाफ अब तक सख्त कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। कार्रवाई के आश्वासन पर खुला जाम सूचना पर क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगतराम कनौजिया और मोहम्मदपुर खाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका। पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
Source link
बाराबंकी में छात्रा की मौत पर सड़क जाम:शव रखकर ग्रामीणों का 3 घंटे प्रदर्शन, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग