![]()
हापुड़। कांवड़ यात्रा की तैयारियों के तहत ऊर्जा निगम ने रविवार को जिले के चार विद्युत उपकेंद्रों से जुड़ी बिजली आपूर्ति तीन घंटे के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान बिजली लाइनों के आसपास खड़े पेड़ों की कटाई-छंटाई और आवश्यक मरम्मत कार्य किया जाएगा, ताकि यात्रा के दौरान बिजली व्यवस्था सुरक्षित और निर्बाध बनी रहे। ऊर्जा निगम के अनुसार, रविवार सुबह 6:30 बजे से 9:30 बजे तक अतरपुरा टाउन हॉल, प्रीत विहार, दिल्ली रोड और औद्योगिक क्षेत्र विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान लाइन मेंटेनेंस और पेड़ों की छंटाई का कार्य किया जाएगा। कांवड़ यात्रा को देखते हुए तैयारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन मार्गों से गुजरते हैं। ऐसे में बिजली लाइनों के पास खड़े पेड़ों की शाखाएं हवा या बारिश के कारण तारों पर गिर सकती हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पहले से यह कार्य कराया जा रहा है। उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील उपखंड अधिकारी दिवेश कुमार ने बताया कि यह कार्य जनहित और सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले अपने जरूरी कार्य पूरे कर लें और बिजली कटौती को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं कर लें। ऊर्जा निगम ने आश्वस्त किया है कि रखरखाव कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल कर दी जाएगी। विभाग ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षित और निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उपभोक्ताओं का सहयोग जरूरी है।
Source link
हापुड़ में 4 उपकेंद्रों की बिजली रहेगी बंद:3 घंटे का शटडाउन, कांवड़ यात्रा को लेकर की जाएगी पेड़ों की छंटाई