बरेली में 16.26 करोड़ की GST चोरी का खुलासा:फर्जी फर्म के दो आरोपी गिरफ्तार, कमीशन के बदले चल रहा था पूरा खेल


बरेली पुलिस ने 16.26 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी फर्म संचालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी वर्ष 2019 से फर्जी फर्म बनाकर नकली बिल जारी करते थे और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के जरिए केंद्र व प्रदेश सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचा रहे थे। राज्य कर विभाग की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा
सहायक आयुक्त राज्य कर गौरव सिंह की शिकायत पर 12 जनवरी 2026 को इज्जतनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि “हिम ट्रेड्स” नाम की फर्जी फर्म के जरिए जाली जीएसटी दस्तावेज तैयार कर फर्जी चालान जारी किए गए और करीब 16.26 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी की गई। एसआईटी ने दोनों आरोपियों को दबोचा
एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर गठित एसआईटी और थाना कैंट व इज्जतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने नैनीताल रोड से हिमांशु कुमार और कुंवर सनोज मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को 25 जुलाई को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पूछताछ में किया बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2019 से “हिम ट्रेड्स” के नाम से फर्जी फर्म चलाकर फर्जी बिलों के जरिए जीएसटी पास-ऑन कर टैक्स चोरी की जा रही थी। हिमांशु कुमार ने बताया कि उसने हुमेर उर्फ मुबारक खान के कहने पर फर्जी फर्म बनाई थी, जिसके बदले उसे 3 लाख रुपये मिले। वहीं सनोज मौर्य ने कमीशन के एवज में फर्जी बिल बनवाकर करीब 7 लाख रुपये कमाने की बात स्वीकार की। मोबाइल, दस्तावेज और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, 852 रुपये नकद, पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात बरामद किए हैं। एक आरोपी पर पहले से भी मुकदमा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कुंवर सनोज मौर्य के खिलाफ वर्ष 2020 में सुभाषनगर थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश का मुकदमा भी दर्ज है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *