![]()
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रविवार, 26 जुलाई को प्रस्तावित मैनपुरी दौरे से पहले जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे जिले में व्यापक तैयारियां की गई हैं। शनिवार देर रात जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में पैदल मार्च निकाला गया। पुलिस ने प्रमुख बाजारों, तिराहों, चौराहों, गलियों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को सुरक्षा का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 12:30 बजे हेलीकॉप्टर से मैनपुरी के नेहरू स्टेडियम पहुंचेंगे। उनके आगमन को देखते हुए स्टेडियम और आसपास के क्षेत्र में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, प्रशासन और खुफिया एजेंसियां लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं। मैनपुरी शहर में एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान डॉग स्क्वायड टीम ने भी स्टेडियम और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच की। लोकल इंटेलिजेंस यूनिट और विशेष सुरक्षा बलों को भी पूरी तरह सक्रिय रखा गया है। अधिकारियों ने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही, बिना अधिकृत पास के किसी को भी कार्यक्रम स्थल में प्रवेश न दिया जाए। बरनाहल कस्बे में भी सीओ अजय चौहान के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध प्रताप सिंह और पुलिस बल ने देर रात पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह के सुरक्षा जांच अभियान चलाए गए। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा स्वयं सभी सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। महिला पुलिसकर्मियों की भी पर्याप्त तैनाती की गई है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक स्वीकार नहीं की जाएगी।
Source link
मुख्यमंत्री दौरे से पहले मैनपुरी में सुरक्षा चाकचौबंद:डॉग स्क्वायड और इंटेलिजेंस टीम सक्रिय, पुलिस अलर्ट पर