![]()
अयोध्या जिले की मिल्कीपुर तहसील में चकबंदी विभाग के एक अधिकारी पर कार्रवाई की गई है। भ्रष्टाचार, अनियमितता और कार्यालयीय अव्यवस्था की शिकायतों के बाद मिल्कीपुर के चकबंदी अधिकारी मीडी लाल को उनके पद से हटा दिया गया है। उन्हें सहायक चकबंदी अधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। इस बीच, सदर तहसील में तैनात चकबंदी अधिकारी अरविंद सिंह को मिल्कीपुर का नया चकबंदी अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह कार्रवाई उपसंचालक चकबंदी, अयोध्या द्वारा की गई है। बार एसोसिएशन मिल्कीपुर के अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने शनिवार को बताया कि बार एसोसिएशन ने 15 जुलाई को उपसंचालक चकबंदी, अयोध्या को एक विस्तृत शिकायत पत्र सौंपा था। इसमें चकबंदी अधिकारी और सहायक चकबंदी अधिकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और कार्यालयीय अव्यवस्था का आरोप लगाया गया था। शिकायत मिलने के बाद उपसंचालक चकबंदी कार्यालय ने मामले का संज्ञान लिया और संबंधित कार्यालयों की जांच कराई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से मीडी लाल को पद से हटाया। बार एसोसिएशन ने विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि नई तैनाती के बाद चकबंदी कार्यालय में पारदर्शिता बढ़ेगी, लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण होगा और आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकेंगी। उपसंचालक चकबंदी ने जिला प्रशासन की मंशा के अनुरूप निष्पक्ष जांच के बाद यह कार्रवाई सुनिश्चित की है।
Source link
अयोध्या में चकबंदी अधिकारी पद से हटाए गए:अधिवक्ताओं ने भ्रष्टाचार, अनियमितता का आरोप लगाया; अरविंद सिंह नए सीओ