![]()
गो सम्मान आह्वान अभियान के पदाधिकारियों ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि 27 जुलाई को देशभर के सभी जिलों से जिलाधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र एवं ज्ञापन सौंपे जाएंगे। अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षर सरकार तक पहुंचाए जाएंगे, जबकि मेरठ से करीब सवा लाख हस्ताक्षर सौंपने की तैयारी है। प्रेसवार्ता में अभियान की जिला प्रभारी रंजना वर्मा ने बताया कि संतों के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के माध्यम से गोहत्या-निषेध के लिए केंद्रीय कानून बनाने, गोमाता को ‘राष्ट्रमाता’ का सम्मान देने, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और गो आधारित कृषि, चिकित्सा, पर्यावरण व रोजगार से जुड़ी 30 से अधिक मांगें सरकार के समक्ष रखी जाएंगी। उन्होंने कहा कि गो संरक्षण के लिए ऐसे केंद्र स्थापित किए जाएं, जहां दूध देने वाली और गैर-दुग्ध देने वाली गायों का अलग-अलग संरक्षण हो तथा गोमूत्र, गोबर और अन्य उत्पादों के माध्यम से रोजगार को बढ़ावा दिया जा सके। अभियान के अनुसार, 27 जुलाई को सुबह 7:30 बजे गोभक्त शर्मा नगर पर एकत्र होंगे। सुबह 8 बजे गोपूजन, शंखनाद और सामूहिक मंत्रजप के बाद शांतिपूर्ण पदयात्रा जिलाधिकारी कार्यालय के लिए रवाना होगी। पदयात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की झांकी, गोमाता-बछड़े की झांकी और हस्ताक्षर अभियान का प्रतीकात्मक प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सरकार को भेजा जाएगा। रंजना वर्मा ने दावा किया कि अभियान को विभिन्न वर्गों का समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हो रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से परिवार सहित पदयात्रा में शामिल होकर अभियान का समर्थन करने की अपील की।
Source link
हस्ताक्षर अभियान के साथ सरकार तक पहुंचेगी गो-सम्मान की मांग:मेरठ से सवा लाख हस्ताक्षर की तैयारी, डीएम के जरिए राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री को सौंपेंगे ज्ञापन