![]()
कन्नौज में शनिवार दोपहर भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी ने दिल्ली में हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर को सौंपा। यह प्रदर्शन नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में किया गया। कन्नौज कलक्ट्रेट में भीम आर्मी जिलाध्यक्ष सूरज कुमार कर्ण और आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रभात गौतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष जुटे। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष सूरज कुमार कर्ण ने कहा कि पेपर लीक एक गंभीर समस्या है, जो युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करती है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पेपर लीक रोकने में असफल बताते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मंत्री इस्तीफा नहीं देंगे, आंदोलन जारी रहेगा। आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रभात गौतम ने दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों की जांच कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए कलक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। मनोज जाटव, जितेंद्र जाटव, रमन बाल्मीकि, विश्राम कुमार, अजित कुमार, सुरेश कुमार और रामजीवन दोहरे सहित अन्य प्रदर्शनकारियों ने डिप्टी कलेक्टर रेशमा सहाय को ज्ञापन सौंपा।
Source link
कन्नौज में भीम आर्मी-आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन:दिल्ली में लाठीचार्ज का विरोध, दोषियों पर कार्रवाई की मांग