![]()
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौतनवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कस्बे के उस्मान नगर स्थित एक मकान में छापेमारी कर नेपाल तस्करी के लिए रखे गए लगभग ₹13 लाख मूल्य के 17 गठ्ठर जूते और चप्पल बरामद किए। इस मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ कस्टम अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में, थाना नौतनवा पुलिस ने 24 जुलाई को वार्ड संख्या-09, उस्मान नगर स्थित एक मकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान, मकान के भीतर नेपाल भेजने के उद्देश्य से पैक किए गए 17 गठ्ठरों में बड़ी मात्रा में जूते और चप्पल मिले। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये है। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि यह खेप अवैध रूप से नेपाल भेजने की तैयारी में रखी गई थी। बरामद माल को कब्जे में लेकर कस्टम अधिनियम की धारा 113 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। इसे अग्रिम विधिक प्रक्रिया के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा भेजा जा रहा है।
इस मामले में राजेन्द्र शर्मा (56 वर्ष) पुत्र मांगेराम शर्मा, निवासी वार्ड संख्या-09, उस्मान नगर, थाना नौतनवा के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि तस्करी के इस कारोबार से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजय कुमार, उपनिरीक्षक रोहित यादव, महिला उपनिरीक्षक अनामिका चौहान, कांस्टेबल शंकर दयाल, गौरव यादव, अम्बुज राय, महिला कांस्टेबल बबिता यादव, अंकिता यादव तथा अंजली शामिल रहीं। सीमा क्षेत्र में लगातार हो रही पुलिस और कस्टम विभाग की संयुक्त कार्रवाइयों से तस्करी में लिप्त तत्वों पर दबाव बढ़ा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Source link
महराजगंज में 17 गठ्ठर जूते-चप्पल बरामद:नेपाल तस्करी के लिए रखे गए, 13 लाख की खेप जब्त