![]()
बागपत में एक विवादित स्थान पर हैंडपंप और सबमर्सिबल लगाने के प्रस्ताव को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि नगर पंचायत वार्ड-1 में एक ऐसे स्थान पर हैंडपंप और सबमर्सिबल लगाने की तैयारी कर रही है, जहां पहले से विवाद है। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। शिकायती पत्र के अनुसार, जिस भूमि पर यह निर्माण प्रस्तावित है, वह जाटव कल्याणकारी समिति की बताई गई है। समिति ने इस स्थान पर हैंडपंप लगाने पर आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि यह स्थान शिव मंदिर के मुख्य द्वार के सामने है, जिससे धार्मिक भावनाएं प्रभावित हो सकती हैं। शिकायतकर्ताओं ने दावा किया है कि इसी क्षेत्र में पहले से दो हैंडपंप और दो सबमर्सिबल सुचारु रूप से चल रहे हैं। ऐसे में नए हैंडपंप और सबमर्सिबल की आवश्यकता नहीं है। उनका आरोप है कि यह कार्य बिना पर्याप्त आवश्यकता और नियमों के अनुरूप स्वीकृति के कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पंचायत ने भू-गर्भ विभाग से आवश्यक अनुमति प्राप्त किए बिना ही कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उनका कहना है कि वार्ड-1 में विकास कार्यों के कई अन्य प्रस्ताव भी लंबित हैं, जिन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी ऑफिस मे पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, विवादित स्थान पर हैंडपंप और सबमर्सिबल लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने तथा सभी पक्षों की सहमति के बाद ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या निर्णय लेता है।
Source link
बागपत में विवादित जगह हैंडपंप लगाने का विरोध:ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है