विकास अवस्थी | कन्नौजकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

कन्नौज में ठठिया थाने के सामने से एक युवक बाइक चोरी करके भाग गया। घटना एक दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसमें युवक बाइक लेकर जाता दिख रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पल्टेपुर्वा गांव का रहने वाला संदीप कुमार शुक्रवार दोपहर 12 बजे अपनी बाइक से थाने के सामने किराना स्टोर पर सामान खरीदने गया था। यहां उसने बाइक दुकान के बाहर खड़ी कर दी और चाबी बाइक में ही लगी छोड़ दी। जैसे ही वह सामान खरीदने दुकान के अंदर गया तभी वहां से पैदल निकल रहे युवक की नजर चाबी लगी बाइक पर पड़ गई।

पहले युवक के बाइक के आसपास मोबाइल फोन पर बात करता दिखता है।
यहां वह बाइक के पास खड़ा होकर मोबाइल पर किसी से बात करता रहा और फिर मौका देखकर बाइक पर बैठ गया। वह बाइक स्टार्ट कर वहां से भाग निकला। कुछ देर बाद संदीप जब दुकान से बाहर निकला तो वहां बाइक नजर नहीं आई। उसने इधर-उधर तलाश की, लेकिन बाइक नहीं मिली। मामले को लेकर सन्दीप कुमार ने ठठिया थाने में तहरीर देते हुए बाइक चोर को पकड़ने की मांग की।
थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें युवक बाइक ले जाते नजर आया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी। मामले को लेकर थाना इंचार्ज संजीव कुमार ने बताया कि बाइक चोरी मामले में पुलिस की टीमों को लगाया गया है, जल्द ही युवक को अरेस्ट कर बाइक बरामद कर ली जाएगी।
