छात्रों ने जर्जर निचलौल-बहुआर मार्ग पर किया प्रदर्शन:महराजगंज पुलिस के समझाने पर जाम खुला, मरम्मत का आश्वासन मिला


महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह छात्रों और स्थानीय लोगों ने निचलौल-बहुआर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर जाम लगाकर जल्द मरम्मत की मांग की। जंगल के बीच चमनगंज पुल से ढेसो पुल तक यह मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। इससे स्कूल आने-जाने वाले छात्रों, राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सूचना मिलते ही निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। निरीक्षक अंकित सिंह ने संबंधित विभाग तक उनकी मांग पहुंचाने और आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। पुलिस के समझाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्वक जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण विशेषकर बरसात के मौसम में आवागमन और अधिक कठिन हो जाता है। छात्रों ने प्रशासन से मांग की है कि मार्ग की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि सभी को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *