![]()
हाथरस में शनिवार को लगातार चौथे दिन भी कई महत्वपूर्ण पैसेंजर ट्रेनों का संचालन रद्द रहा, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे की ओर से बताया जा रहा है कि चार दिन पहले साहिबाबाद में मालगाड़ी के पटरी से उतरने के कारण रेल संचालन प्रभावित हुआ है। हालांकि, शहर में इस बात की भी चर्चा है कि दिल्ली में चल रहे आंदोलन के मद्देनजर ट्रेनों के रद्द होने का संबंध उससे हो सकता है। इस संबंध में रेलवे की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हाथरस किला स्टेशन से चलने वाली एचएडी (HAD) पैसेंजर तथा टूंडला से दिल्ली जाने वाली टीएडी (TAD) पैसेंजर ट्रेन शनिवार को लगातार चौथे दिन भी रद्द रहीं। एचएडी पैसेंजर हाथरस किला स्टेशन से संचालित होने वाली प्रमुख ट्रेन है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री अपनी यात्रा के लिए निर्भर रहते हैं। रोजाना यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी दोनों पैसेंजर ट्रेनें सुबह हाथरस से दिल्ली के लिए रवाना होती हैं और उत्तर मध्य रेलवे ट्रैक पर हाथरस के सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहरती हैं। इनके निरस्त होने से सबसे अधिक दिक्कत दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को हुई, जो नियमित रूप से इन ट्रेनों से सफर करते हैं। स्टेशन पहुंचे यात्री लौटे वापस, बसों का लेना पड़ा सहारा शनिवार सुबह बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें ट्रेनों के रद्द होने की जानकारी मिली। इसके बाद कई लोग बिना यात्रा किए ही वापस लौट गए, जबकि अन्य यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बसों और दूसरे वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि पिछले चार दिनों से उन्हें लगातार इसी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व सूचना नहीं मिलने से बढ़ी नाराजगी यात्रियों ने रेलवे प्रशासन पर समय से सूचना नहीं देने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि ट्रेनों के रद्द होने की जानकारी उन्हें स्टेशन पहुंचने के बाद ही मिलती है, जिससे समय और धन दोनों की हानि हो रही है। कई यात्री घंटों तक स्टेशन पर ट्रेन चलने की उम्मीद में इंतजार करते रहे। रेलवे की आधिकारिक पुष्टि सिर्फ तकनीकी कारणों पर रेलवे सूत्रों के अनुसार, साहिबाबाद में मालगाड़ी के पटरी से उतरने के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है, जिसकी वजह से कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। वहीं, ट्रेनों को दिल्ली में चल रहे आंदोलन से जोड़कर की जा रही चर्चाओं की रेलवे की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यात्रियों ने मांग की है कि ट्रेनों के संचालन की स्पष्ट और समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
Source link
हाथरस में चौथे दिन भी रद्द रहीं दो पैसेंजर ट्रेनें:हजारों यात्रियों की बढ़ी परेशानी, स्टेशन से लौटे लोग; बसों का लेना पड़ा सहारा