गाजीपुर में भाई को बचाने नदी में कूदी बहन:गांगी नदी में 3 साल के बच्चे और 5 साल की बच्ची की डूबकर मौत


गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। शुक्रवार सुबह गांगी नदी में डूबने से पांच वर्षीय बहन और उसके तीन वर्षीय भाई की मौत हो गई। दोनों बच्चे माहेपुर गांव के निवासी थे। पुलिस के अनुसार, माहेपुर गांव में रहने वाले संतोष बिन्द के बच्चे कृष्णा (3) और प्रिया (5) सुबह स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वे अपने बाबा रामअवध बिन्द को खोजते हुए गांगी नदी के किनारे पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि नदी किनारे खेलते समय तीन वर्षीय कृष्णा का पैर फिसल गया और वह पानी में डूबने लगा। अपने छोटे भाई को डूबता देख पांच वर्षीय प्रिया उसे बचाने के लिए नदी में कूद गई। हालांकि, दोनों बच्चे नदी की गहराई में समा गए। नदी के दूसरी ओर बैठे एक व्यक्ति ने यह घटना देखी और शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चों के पिता संतोष बिन्द मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *