शामली में डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप:नवजात की मौत, पत्नी की हालत गंभीर; पीड़ित ने डीएम से जांच की मांग


शामली में थानाभवन निवासी एक व्यक्ति ने निजी अस्पतालों के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही, गलत ऑपरेशन और अधिक धन वसूलने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का दावा है कि कथित लापरवाही के कारण उसके नवजात शिशु की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी की हालत भी गंभीर बनी हुई है। मामले में डीएम से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। पीड़ित रवि के अनुसार, 12 जुलाई को वह अपनी गर्भवती पत्नी रचना को थानाभवन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर लाया था। आरोप है कि वहां एक दिन भर्ती रखने के बाद बड़े ऑपरेशन की बात कहकर पैसे लिए गए और बाद में उन्हें शामली के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। रवि का आरोप है कि शामली के अस्पताल में ऑपरेशन के लिए 50 हजार रुपए लिए गए। ऑपरेशन से पहले खून की कमी बताकर दो यूनिट रक्त की व्यवस्था भी कराई गई। उनका कहना है कि ऑपरेशन के दौरान लापरवाही हुई, जिससे नवजात की हालत बिगड़ गई। बाद में चिकित्सकों ने इलाज करने से इनकार कर दिया और जांच व दवाइयों के नाम पर करीब 30 हजार रुपये अतिरिक्त वसूले। नवजात की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पानीपत के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रवि का दावा है कि वहां के चिकित्सकों ने पहले हुए ऑपरेशन में गड़बड़ी की बात कही। उनका यह भी आरोप है कि पत्नी रचना की तबीयत लगातार खराब बनी हुई है और अन्य डॉक्टरों ने पेट में संक्रमण की आशंका जताई है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर संबंधित चिकित्सकों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और अस्पताल से भगा दिया। रवि ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, इस मामले में संबंधित अस्पतालों या डॉक्टरों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *