छात्रा ने टीचर पर मानसिक प्रताड़ना के लगाए आरोप:कानपुर में कहा- जातिसूचक टिप्पणी और सार्वजनिक अपमान किया, FIR दर्ज


कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी विद्यालय की 12वीं कक्षा की छात्रा ने अपनी इंग्लिश शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा ने शिक्षिका पर मानसिक प्रताड़ना, जातिसूचक टिप्पणी, अभद्र भाषा का प्रयोग और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर गुरुवार रात करीब 9 बजे पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा का आरोप है कि बीते एक वर्ष से उसे लगातार निशाना बनाया जा रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव और अवसाद का शिकार हो गई है। पीड़िता के चाचा ने बताया कि उनकी 17 वर्षीय भतीजी को शिक्षिका लगातार अपमानित करती थीं। परिजनों के अनुसार, शिक्षिका छात्रा के साथ जातिसूचक टिप्पणियां करती थीं, उस पर मानसिक दबाव बनाती थीं और विरोध करने पर कानूनी कार्रवाई में फंसाने की धमकी देती थीं। लगातार प्रताड़ना के कारण छात्रा का मानसिक संतुलन प्रभावित हुआ और उसने स्कूल जाने से भी कतराना शुरू कर दिया। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षिका उसके चरित्र पर टिप्पणी करती थीं। उसे स्टाफ रूम में सबके सामने खड़ा कर झाड़ू लगाने की धमकी देती थीं और पूरी कक्षा के सामने हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अभद्र गालियां देती थीं। छात्रा 18 जुलाई से लगातार चकेरी थाने में न्याय की गुहार लगा रही थी, लेकिन शुरुआती शिकायत में उचित धाराएं नहीं लगाए जाने से वह असंतुष्ट थी। चकेरी थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। विवेचना के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी धाराएं बढ़ाई जाएंगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *