![]()
मेरठ-हापुड़ हाईवे पर गुरुवार रात एक तेज रफ्तार ईको कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कैली गांव स्थित संगम पैलेस के सामने हुआ। टक्कर के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची खरखौदा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान खरखौदा थाना क्षेत्र के खासपुर गांव निवासी 26 वर्षीय विकास पुत्र चंद्रपाल के रूप में हुई है। विकास हापुड़ की एक निजी फैक्टरी में मजदूरी करता था। गुरुवार शाम वह अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। मेरठ-हापुड़ मार्ग पर कैली गांव स्थित संगम पैलेस के सामने पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार ईको कार ने उसकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। लोगों के पहुंचने तक उसकी जान जा चुकी थी। हादसे के बाद कार चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से बाइक और ईको कार को जब्त कर लिया। बताया गया है कि विकास ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उसकी जान नहीं बच सकी। सीओ किठौर सौम्या अस्थाना ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। फरार कार चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
मेरठ में ईको कार की टक्कर से मजदूर की मौत:ड्यूटी से लौटते समय हादसा, सीसीटीवी से चालक की तलाश