RLD की दावत ए आम में संगठन पर जोर:मेरठ में त्रिलोक त्यागी बोले- गांव-गांव तक पहुंचाएं पार्टी की नीतियां


मेरठ में राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के पूर्व जिला अध्यक्ष मतलूब गौड़ की ओर से आयोजित आम की दावत एवं मिलन समारोह में पार्टी नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक पहुंच बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसानों, युवाओं, महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के हितों के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के नेतृत्व को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। राष्ट्रीय सचिव प्रबुद्ध कुमार ने कहा कि ऐसे मिलन समारोह कार्यकर्ताओं के बीच संवाद और समन्वय को बढ़ाते हैं तथा संगठन को नई ऊर्जा देते हैं। वहीं सामाजिक न्याय मंच की प्रदेश अध्यक्ष संगीता दोहरे ने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय के मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ा रही है और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना उसकी प्राथमिकता है। जम्मू-कश्मीर प्रभारी विनय प्रधान ने कहा कि पिछड़े वर्गों, किसानों, दलितों और वंचित समाज के अधिकारों के लिए राष्ट्रीय लोकदल हमेशा आवाज उठाता रहा है। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी में पिछड़े वर्गों को उचित अवसर मिलने की आवश्यकता बताई। इस दौरान पूर्व मंत्री लखीराम नागर, राष्ट्रीय सचिव प्रबुद्ध कुमार, सुनील रोहटा, ऋचा सिंह, अमित त्यागी, आतिर रिजवी, नरेंद्र खजूरी, सतेंद्र तोमर, ओ.डी. त्यागी, संजय पनवाड़ी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *