![]()
प्रदेश के राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों की वर्षों से लंबित पदोन्नतियों को लेकर गुरुवार को राजकीय शिक्षक संघ ने प्रयागराज स्थित शिक्षा निदेशालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शिक्षकों की मुख्य मांगों में राजकीय विद्यालयों के सहायक अध्यापकों (एलटी ग्रेड) को प्रवक्ता पदों पर पदोन्नति की रुकी हुई प्रक्रिया को तत्काल बहाल करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, सहायक अध्यापक एवं प्रवक्ता पदों से अधीनस्थ राजपत्रित पदों पर होने वाली पदोन्नतियों का मार्ग भी तुरंत प्रशस्त करने की मांग की गई। प्रदर्शन के बाद, संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों ने शिक्षा निदेशालय में सहायक शिक्षा निदेशक राकेश कुमार को एक ज्ञापन सौंपा। राकेश कुमार ने शिक्षकों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि अगले 10 दिनों के भीतर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो अगला बड़ा आंदोलन लखनऊ स्थित शिविर कार्यालय में किया जाएगा। संघ ने यह भी चेतावनी दी कि यदि अधिकारी तब भी गंभीर नहीं हुए, तो मामले को माननीय उच्च न्यायालय में चुनौती दी जाएगी। इस प्रदर्शन में संगठन के संरक्षण रामेश्वर पांडेय, प्रांतीय अध्यक्ष सत्य शंकर मिश्र, प्रांतीय महामंत्री अरुण यादव, ससंरक्षक छाया शुक्ला और मनोज कुमार चौधरी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Source link
राजकीय शिक्षकों का वर्षों से लंबित पदोन्नति पर फूटा गुस्सा:प्रयागराज निदेशालय में धरना, 10 दिन में प्रक्रिया शुरू न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी