UP Evening Bulletin; Jauhar University Row

.

आज की सबसे बड़ी खबर आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी बचाने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की अगुवाई में पहुंचे सपा विधायकों के प्रतिनिधिमंडल को लेकर है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर चित्रकूट में बॉयफ्रेंड को बंधक बनाकर NEET छात्रा के साथ गैंगरेप से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…

पहले टॉप 5 खबरें…

1- आजम की यूनिवर्सिटी बचाने पहुंचे सपा के 26 विधायक, धरना दे रहे छात्रों से मिले

आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी बचाने के लिए नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय गुरुवार को 25 विधायकों संग रामपुर पहुंचे। 6 दिन से धरने पर बैठे छात्रों, फिर यूनिवर्सिटी अधिकारियों से बात की। डीएम से मिलकर आदेश पर पुनर्विचार की भी मांग की। इसके बाद सभी आजम खान के घर गए। RDA ने यूनिवर्सिटी के 40 में से 38 भवनों को ध्वस्त करने का आदेश दिया है। पूरी खबर पढ़ें

2- बॉयफ्रेंड को बंधक बनाकर NEET छात्रा से गैंगरेप, चित्रकूट घूमने आए थे

चित्रकूट में बॉयफ्रेंड को बंधक बनाकर 20 वर्षीय NEET छात्रा से तीन युवकों ने गैंगरेप किया। वह बॉयफ्रेंड के साथ पहाड़ी पर बैठी थी। तभी आरोपी खुद को वनकर्मी बताकर पहुंचे। बॉयफ्रेंड को बेल्ट से पीटकर गमछे से हाथ-पैर बांध दिए। गैंगरेप के बाद फरार हो गए। सतना की रहने वाली पीड़िता कोटा में रहकर NEET की तैयारी करती है, जबकि बॉयफ्रेंड चित्रकूट का निवासी है। पूरी खबर पढ़ें

3- कानपुर में सपा विधायक बैरिकेडिंग हटाकर भागे, पकड़ने के लिए पुलिस दौड़ी

कानपुर में सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी को नजरबंद किया गया। इसके पहले घर के बाहर लगी बैरिकेडिंग हटाकर भागने लगे। पुलिस पीछे-पीछे दौड़ने लगी। कानपुर-बनारस के कांग्रेस जिलाध्यक्षों को हाउस अरेस्ट किया गया। आंदोलन को देखते हुए बीएचयू में भारी मात्रा में फोर्स तैनात है, ड्रोन से निगरानी की जा रही। प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। पूरी खबर पढ़ें

4- यूपी के 1.86 लाख शिक्षकों को TET देना ही होगा, जयंत चौधरी बोले- ढील नहीं दे सकते

यूपी के करीब 1.86 लाख शिक्षकों को बड़ा झटका लगा है। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने लोकसभा में स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के चलते TET से छूट नहीं दी जा सकती। सरकार कोई प्रस्ताव या अंतरिम राहत देने पर विचार नहीं कर रही। यह जवाब कांग्रेस सांसद तुकाराम के RTE में संशोधन कर TET के पहले नियुक्त शिक्षकों को राहत देने की मांग पर दिया। पूरी खबर पढ़ें

5- देश के सबसे उम्रदराज विधायक का निधन, आजमगढ़ में 5 बार विधायकी जीते

देश के सबसे उम्रदराज सपा विधायक आलमबदी आजमी का 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने बुधवार देर रात आजमगढ़ स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। गुरुवार शाम को उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उनके जनाजे में करीब 10 हजार लोग शामिल हुए। वह निजामाबाद से पांच बार विधायक रहे। आलमबदी किसी से लिफ्ट लेकर अपने क्षेत्र में निकल जाया करते थे। पूरी खबर पढ़ें

अब अहम 8 खबरें…

6- बलिया में दरोगा परीक्षा पास कर चुके युवक की मौत; विधायक से लिपटकर रोई बहन

बलिया में धान की रोपाई के दौरान 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर गिरने से पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई। बेटा दरोगा भर्ती परीक्षा पास कर चुका था, सिर्फ मेडिकल बाकी था। उसको बचाने दौड़े पिता भी करंट की चपेट में आ गए। भाई- पिता की मौत से बहन बेसुध हो गई। विधायक केतकी सिंह से लिपटकर रोने लगीं। विधायक ने एक्सईएन से कहा- नालायक, इस्तीफा दो। पूरी खबर पढ़ें

7- योगी बोले- मैंने देखा रविकिशन नाली साफ कर रहे थे, गोरखपुर में भाजपा सांसद की चुटकी ली

सीएम योगी ने गोरखपुर में सांसद रवि किशन की फिर चुटकी ली। बोले- बारिश में रवि किशन खुद नाली साफ कर रहे थे। मैंने कहा, अतिक्रमण हटवा दीजिए, पानी खुद निकल जाएगा। दावत का जिक्र करते हुए पूछा- कितने लोगों को भोजन कराया? रवि किशन बोले- महाराज जी, पूरे क्षेत्र को भोजन कराया था। इसके पहले शहर में सिक्सलेन फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। पूरी खबर पढ़ें

8- चंद्रशेखर का धरना तीसरे दिन जारी, अखिलेश-राहुल ने सांसदों संग किया प्रदर्शन

सांसद चंद्रशेखर आजाद दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में तीन दिन से संसद के बाहर धरने पर हैं। उन्होंने X पर लिखा- जो अन्याय के खिलाफ आवाज नहीं उठाते, वे बाद में अपनों की लाशें उठाते हैं। अखिलेश यादव, राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के सांसदों ने भी संसद के बाहर प्रदर्शन किया। रामगोपाल यादव ने पूछा- छात्रों पर सादी वर्दी में लाठी चलाने वाले कौन थे? पूरी खबर पढ़ें

9- यूपी में 10 नदियां उफनाईं, गांव टापू बने; छतों-हाईवे पर गुजर रही जिंदगी

यूपी में गंगा, यमुना समेत 10 नदियां उफान पर हैं। लखीमपुर खीरी में शारदा का पानी गांवों में घुस गया, 2-3 गांव टापू बन गए। कई सड़कें बह गईं। पानी में घर डूबने से लोग छतों व हाईवे पर रहने को मजबूर हैं। गोंडा में घाघरा खतरे के निशान से ऊपर बह रही जिससे 12 से अधिक गांवों पर बाढ़ का खतरा है। महराजगंज में तालाब में मगरमच्छ दिखने से लोग दहशत में है। पूरी खबर पढ़ें

10- लखनऊ में अविमुक्तेश्वरानंद बोले- UP में रावण राज जैसा माहौल, सड़कों पर रात बितानी पड़ी

लखनऊ में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि यूपी के हालात देखकर लगता है, यहां रावण राज आ चुका है। 81 दिन की गविष्ठि यात्रा के दौरान समर्थकों को परेशान किया गया। उनके कार्यक्रम को विफल करने के लिए कार्यकर्ताओं को घरों में रोका, बुलडोजर चलाने और बिजली काटने की चेतावनी दी जा रही। खुद उनको कई जगह सड़क पर रात बितानी पड़ी है। पूरी खबर पढ़ें

11- अयोध्या राम मंदिर में देशभर के पुजारियों की होगी ट्रेनिंग, रहना-खाना सब होगा फ्री

अयोध्या के राम मंदिर परिसर में पुजारियों की ट्रेनिंग के लिए पाठशाला बनाई जाएगी। देशभर के मंदिरों के लिए वैदिक और रामानंदी परंपरा के अनुसार ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग फ्री होगी। बटुक की रहने और खाने की व्यवस्थाएं पूरी तरह से मंदिर ट्रस्ट करेगा। ट्रेनिंग के लिए इन पुजारियों को कैसे सिलेक्ट किया जाएगा? आवेदन कैसे लिया जाएगा? ये प्रारूप तैयार किया जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें

12- गाजियाबाद में डबल मर्डर करने वाला बेटा बोला- पत्नी ताने देती थी, इसलिए मारा

गाजियाबाद में 20 जुलाई को मां-बाप की पीटकर हत्या करने वाले बेटे दीपक और ललित जेल भेज दिए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या सुनियोजित थी। छोटा बेटा ललित तीन साल से मां-बाप से नफरत करता था। दोनों ने कहा कि उन्हें कोई पछतावा नहीं है। पत्नी और ससुराल के तानों से परेशान होकर वारदात की। बेटों का दावा है कि 6 महीने में जेल से बाहर आ जाएंगे। पूरी खबर पढ़ें

13- फर्रुखाबाद में किन्नरों ने ट्रेन में युवकों को चाकू मारा; गुस्साए ग्रामीणों ने पत्थरबाजी की

फर्रुखाबाद में बुधवार रात करीब 200 ग्रामीणों ने पैसेंजर ट्रेन रोककर पथराव और तोड़फोड़ की। दहशत में यात्रियों ने बोगियों के दरवाजे बंद कर लिए। दो घंटे तक हंगामा चला। कासगंज-फर्रुखाबाद पैसेंजर में नेग मांगने पर विवाद हुआ था। मना करने पर दो किन्नरों ने चाकू से दो युवकों पर हमला कर दिया था। इससे एक युवक के हाथ और दूसरे युवक की पीठ पर गंभीर चोट लगी। पूरी खबर पढ़ें

खबर जो हटकर है…

14- कुल्हाड़ी लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा फरियादी, बोला- भ्रष्टाचार के खिलाफ उठी है कुल्हाड़ी

लखीमपुर खीरी कलेक्ट्रेट में गुरुवार को एक फरियादी हाथ में कुल्हाड़ी लेकर डीएम कार्यालय के बाहर खड़ा हो गया। कहा- उसका विरोध किसी व्यक्ति से नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार से है। यह कुल्हाड़ी भ्रष्टाचार के खिलाफ उठी है। हम पृथ्वीराज चौहान के वंशज हैं। मैं मजदूर हूं, पंचर और टायर बनाने का काम करता हूं। लेकिन इस भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई न कोई भगत सिंह बनेगा। पूरी खबर पढ़ें

कैसा रहेगा कल का मौसम…

15- बारिश का 54 जिलों में अलर्ट

24 जुलाई को यूपी के सहारनपुर, गोरखपुर, गाजियाबाद, मेरठ, मथुरा, मुरादाबाद समेत 54 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.