यूरिया के लिए लंबी लाइनें, नहीं मिल रही खाद:सुबह से लाइन में लगे किसान, धक्का-मुक्की हुई; अधिकारी बोले- जांच होगी


गोंडा में यूरिया खाद के लिए किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला कृषि विभाग के पर्याप्त खाद उपलब्ध होने के दावों के बावजूद, किसान गुरुवार को सुबह 4 बजे से ही साधन सहकारी समितियों और निजी दुकानों पर लंबी कतारों में खड़े हैं। गुरुवार को सुबह से शाम 4:30 बजे तक किसानों की लंबी लाइनें देखी गईं। 7 से 8 घंटे तक इंतजार करने के बाद भी कई किसानों को यूरिया खाद नहीं मिल पाई। खाद पाने की जद्दोजहद में किसान एक-दूसरे को धक्का-मुक्की करते भी नजर आए। रुपईडीह विकासखंड की परना बगुलहा ग्राम पंचायत स्थित साधन सहकारी समिति में भी ऐसी ही तस्वीरें सामने आईं। यहां सुबह 4, 5 और 6 बजे से ही किसान कतारों में लगे थे, लेकिन शाम 4:30 बजे तक भी उन्हें खाद नहीं मिली। समिति पर अभी भी 200 से अधिक किसान खाद के इंतजार में खड़े हैं। कई किसानों को ‘फार्मर रजिस्ट्री’ न होने के कारण खाद नहीं मिल रही है। कुछ किसानों ने रजिस्ट्री जमा भी की, लेकिन फिर भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। सुबह से भूखे पेट लाइन में लगे ये किसान मायूस होकर घर लौटने को मजबूर हैं। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने पहले ही सभी साधन सहकारी समितियों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए थे, ताकि किसानों को परेशानी न हो। वहीं, गोंडा के जिला कृषि अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है कि किसानों को खाद क्यों नहीं मिल रही है और कतारें क्यों लग रही हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *