अयोध्या4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज में 10 अगस्त को होने वाले 28वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह स्वयं सभी विभागों की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं और सफल आयोजन के लिए नियमित समीक्षा बैठकें कर रहे हैं।
इसी क्रम में गुरुवार को कुलपति की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. डी. नियोगी, विश्वविद्यालय के सभी छात्रावास अधीक्षक, सह छात्रावास अधीक्षक और अभियंताओं ने भाग लिया। बैठक में छात्रावासों की व्यवस्थाओं, आधारभूत सुविधाओं और दीक्षांत समारोह से जुड़ी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्रप्रताप सिंह ने अधिकारियों से विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय का एक महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान कुलपति ने छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर भी बल दिया। उन्होंने छात्रावासों में नियमित साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने विद्यार्थियों की समय-समय पर काउंसलिंग आयोजित करने, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और अनुशासित तथा सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालय परिसर की समग्र व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने तथा सभी जिम्मेदार अधिकारियों को निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि 28वें दीक्षांत समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए सभी स्तरों पर तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।

