![]()
इटावा में आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। इटावा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने पहले आगे चल रहे ऑटो में टक्कर मारी और फिर बाइक से जा भिड़ी। हादसे में ऑटो और बाइक सवार समेत कुल 16 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से 50 शैया अस्पताल बकेवर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बकेवर थाना प्रभारी विपिन मलिक और इकदिल थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। 16 लोग हुए घायल हादसे में बाइक सवार प्रशांत साविता (20) निवासी मुरादगंज, अजीतमल (औरैया), उमा सिंह (28), अभिषेक कुमार (26), ऑटो चालक शाहिद अली (34) निवासी हाफिज नगर, बकेवर, विशाल चौहान (19) निवासी कीरतपुर, इकदिल, धर्मेंद्र (23), पलक (15), प्रथा (12) निवासी पक्का बाग, सावित्री देवी (60) निवासी मनौना (मैनपुरी), रमेश चंद्र (65) निवासी मनौना मिठ्ठेपुर, करहल (मैनपुरी), शौर्य (3), अभियांश (1), रामचंद्र (60) निवासी रामनगर महेंदीपुर, बकेवर, साधना (40) निवासी बिजौली समेत कुल 16 लोग घायल हुए। इलाज के दौरान दो घायलों ने तोड़ा दम 50 शैया अस्पताल में डॉ. रविंद्र साहू ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। एक साथ बड़ी संख्या में घायल पहुंचने पर अस्पताल के सीएमएस डॉ. संदीप गुलाटी ने डॉ. पुष्पेंद्र को भी इमरजेंसी ड्यूटी पर बुलाया। गंभीर हालत में पांच घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राहुल बाबू ने बताया कि इनमें धर्मेंद्र निवासी मनौना, करहल (मैनपुरी) और एक अज्ञात वृद्ध को मृत अवस्था में लाया गया, जिन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। इकदिल थाना पुलिस ने हादसे में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
Source link
इटावा में कार ने ऑटो और बाइक को मारी टक्कर:16 घायल; इलाज के दौरान 2 की मौत, आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर हुआ हादसा